Ghaziabad Fire: उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद जिले के लोनी कंचन पार्क कॉलोनी में स्थित एक घर में आग लगने की खबर सामने आई है। यहां आग की चपेट में आने से बच्चों समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और चार लोगों की मौत हो गई है। आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम और दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची। दमकल अधिकारियों ने आग पर काबू पा लिया है। आग लगने की वजह के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है।
आग की चपेट में आने से 4 लोगों की मौत
घटनास्थल पर मौजूद अधिकारी ने बताया कि घर में कुल 8 लोग रहते थे। देर रात अचानक घर में आग लग गई। इसमें तीन बच्चे और एक महिला की दम घुटने से मौत हो गई है और कई लोग घायल हो गए। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और दमकल अधिकारियों ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि सूचना पर दमकल मौके पर पहुंची। पता चला कि रात में आग लगी और मकान में सो रहे लोग चपेट में आ गए। 4 लोग मृत मिले हैं और अन्य चार हल्के झुलसे हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। CFO ने 4 लोगों की मौत की पुष्टि की है। बता दें कि दमकल अधिकारियों द्वारा घर में लगी आग पर काबू पा लिया गया है। आग किस वजह से लगी, उसकी जांच की जा रही है।
तीन मंजिला मकान तक पहुंची आग
जानकारी के अनुसार, घर में लगी आग इतनी भीषण थी की देखते ही देखते दूसरी ओर स्थित तीन मंजिला इमारत तक पहुंच गई। बताया जा रहा है कि जिस मकान में आग लगी थी वह एक संकरी गली में स्थित था। इसलिए आग दूसरी ओर तीन मंजिला इमारत तक पहुंच गई।
