Ghaziabad: गाजियाबाद जिले के मुरादनगर इलाके में हत्या का एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहां के डिडौली गांव से 22 जनवरी को लापता हुए कृष्ण के शव को पुलिस ने हत्यारोपी की निशानदेही पर गोताखोरों की मदद से गंग नहर से बरामद कर लिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान डिडौली गांव के रहने वाले सुमित, मोनू और पुनीत के तौर पर हुई है। पुलिस के अनुसार, हत्यारोपी सुमित और मृतक कृष्ण आपस में दोस्त थे। दोनों के बीच तीन साल पहले किसी बात को लेकर मारपीट हो गया था। उसी खुन्नस में आरोपी छोटू मोनू ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर कृष्ण की हत्या कर दी। पुलिस ने इस घटना में प्रयुक्त बाइक, बलकटी बरामद की है।
गाजियाबाद पुलिस के अनुसार, कृष्ण के परिजनों ने इस मामले में 24 जनवरी को मुरादनगर थाने में मामला दर्ज कराते हुए मोनू, सुमित पर हत्या का अंदेशा जताया था। घटना के बाद से ही सभी आरोपी फरार थे। पुलिस ने आरोपितों के घर की तलाशी ली तो सुमित के घर से कृष्ण के जूते बरामद हुए। इसके बाद परिवार और पुलिस का संदेह गहरा गया था। मुरादाबाद एसीपी निमिष पाटिल ने बताया कि पुलिस ने आरोपी मोनू और सुमित को गाजियाबाद के अलग-अलग हिस्से से गिरफ्तार किया। इन आरोपियों से पूछताछ में पूरे मामले का खुलासा हुआ।
