गाजियाबाद

Ghaziabad: खरीदेंगे ये गाड़ियां तब मिलेगा दोहरा लाभ, अमल में आने वाली है नई नीति

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 7, 2023, 11:31 AM IST

Electric Vehicles: देशभर में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग और बिक्री दोनों ही बढ़ती जा रही है। इलेक्ट्रिक वाहन निर्माताओं की भी मांग थी कि बैटरियों पर लागू होने वाले सीमा शुल्क में राहत मिले, आम बजट में लिथियम बैटरियों पर लगने वाले सीमा शुल्क को कम करने का एलान किया गया। इससे इलेक्ट्रिक वाहन अब सस्ते हो जाएंगे।

Image

इलेक्ट्रिक वाहन अब हो जाएंगे सस्ते

KEY HIGHLIGHTS
  • इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने वालों के लिए राहत भरी खबर
  • वाहन खरीदारों को अप्रैल माह से मिलेगा दोहरा लाभ
  • लिथियम बैटरियों पर लगने वाले सीमा शुल्क को कम करने का एलान


Electric Vehicles: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में इलेक्ट्रिक दोपहिया या चार पहिया वाहनों की खरीद का प्लान बना रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। इलेक्ट्रिक वाहन खरीदारों को अप्रैल महीने से दोहरा लाभ मिलेगा। बजट में लिथियम आयन बैटरियों के आयात शुल्क को 21 से घटाकर 13 फीसदी करने के फैसला का सीधा असर ईवी वाहनों की कीमतों पर पड़ेगा। इलेक्ट्रिक वाहनों की कीमत में सात से 10 फीसदी तक की कमी आने की संभावना है। यूपी सरकार की तरफ से बीते वर्ष अक्तूबर में इलेक्ट्रिक वाहनों को सब्सिडी की सौगात के बाद लोग इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद के लिए प्रोत्साहित होंगे।

ऐसे में उत्तर प्रदेश सहित गाजियाबाद में इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद में इजाफा होगा। ईवी वाहनों में इस्तेमाल होने वाली लीथियम आयन की बैटरियों के आयात शुल्क में कटौती के फैसले का इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने स्वागत किया है।

वाहनों की कीमत में कमी दिखेगी

एक इलेक्ट्रिक वाहन डीलर का कहना है कि सरकार का फैसला ऑक्सीजन का काम करेगा। अगले वित्तीय वर्ष से वाहनों की कीमत में कमी देखने को मिलेगी। इस समय गाजियाबाद में 10263 ई-रिक्शा, 1457 दो-पहिया, 1314 ई- कार्ट, 39 चार पहिया वाहन पंजीकृत हैं। आपको बता दें कि प्रदेश सरकार ने बीते वर्ष अक्तूबर में इलेक्ट्रिक वाहन नीति को हरी झंडी दी थी। इसके तहत यूपी में इलेक्ट्रिक वाहन खरीदारों को सब्सिडी का प्रावधान था। इसके मुताबिक, राज्य में कार खरीदारों को एक लाख तक की छूट का प्रावधान है।

इलेक्ट्रिक वाहन नीति लागू होने से मिलेगा फायदा

पहले तीन वर्षों के दौरान इलेक्ट्रिक वाहनों की सभी श्रेणियों की खरीद पर शत प्रतिशत रोड टैक्स और पंजीकरण शुल्क में छूट को शामिल किया गया है। इसमें पहले दो लाख इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों को पांच हजार रुपये प्रति वाहन, पहले 50 हजार ईवी तीन पहिया पर अधितकम 12 हजार रुपये तक और पहले 25 हजार ईवी चार पहिया वाहनों को प्रति वाहन एक लाख तक सब्सिडी मिलने का प्रवाधान है।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article