Ghaziabad Crime News: हरियाणवी फोक सिंगर और फिल्म एक्टर उत्तर कुमार को रेप के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। गाजियाबाद पुलिस ने उसे अमरोहा से गिरफ्तार किया है। उत्तम कुमार पर एक महिला एक्ट्रेस ने दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि 2020 में उसने एक हरियाणवी एल्बम में उत्तर कुमार के साथ काम किया था। उसके बाद से वह लगातार उसका शारीरिक शोषण कर रहा है। पीड़िता ने आरोपी पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया है। पीड़िता ने कुछ दिन पहले लखनऊ में सीएम आवास के पास आत्मदाह करने की भी कोशिश की थी। हालांकि मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उसे किसी तरह बचा लिया।
जानें क्या है पूरा मामला
पीड़ित एक्ट्रेस उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले की निवासी है। वह नोएडा में किराए के मकान में रह रही है। पीड़िता का आरोप है कि उसने 25 जून 2025 को गाजियाबाद के शालीमार गार्डन थाने में उत्तर कुमार के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराने की कोशिश की। उसने थाने में दिए एप्लिकेशन में कहा था कि वह हरियाणवी इंडस्ट्री में काम करती है और काम के दौरान अगस्त, 2020 में उसकी मुलाकात हरियाणवी फोक सिंगर उत्तर कुमार से हुई थी। इस दौरान उसने एक्ट्रेस से हरियाणवी गीत में साथ में कम करने की बात कही थी। इसके बाद वह लगातार पीड़िता को अपने गाजियाबाद के ऑफिस में बुलाता रहा। पीड़िता के अनुसार उसने 2023 में एक देहाती फिल्म में मुख्य भूमिका देने को भी कहा था।
हाईकोर्ट के आदेश पर दर्ज हुई FIR
पीड़िता के अनुसार शालीमार गार्डन थान में उसकी एफआईआर दर्ज नहीं की गई। जब एक्ट्रेस ने हाईकोर्ट में अपील की, तब 25 दिन बाद कोर्ट के आदेश पर एफआईआर दर्ज हुई। लेकिन फिर भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। एक्ट्रेस का आरोप है कि उत्तर कुमार की लोकेशन की जानकारी देने के बाद भी पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। बाद में पुलिस ने उस केस में एफआर लगा दी थी।
6 सितंबर को पीड़िता ने की आत्मदाह की कोशिश
पीड़िता के अनुसार जब उसे न्याय नहीं मिला, तब वह दूसरे रास्ते अपनाने के लिए मजबूर हो गई। वह 6 सितंबर को बैग में पेट्रोल से भरी बोतल लेकर लखनऊ में सीएम आवास के पास पहुंची। जहां उसने खुद पर पेट्रोल छिड़क लिया। जिसे देख वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने आनन-फानन में उससे पेट्रोल की बोतल छीनी और उसे आत्मदाह करने से रोका। जिसके बाद उसे गौतमपल्ली थाना लेकर आया गया। गाजियाबाद पुलिस ने उत्तर कुमार को अमरोहा के फार्म हाउस से गिरफ्तार किया है। जिसके बाद अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
कौन हैं एक्टर उत्तर कुमार
फिल्म एक्टेर और प्रोड्यूसर उत्तर कुमार गाजियाबाद के रहने वाले हैं। एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से एक्टिंग सीखने के बाद उन्होंने कई हरियाणवी फिल्मों में काम किया। उन्होंने 2004 में आई फिल्म धाकड़ छोरा में भी अभिनय किया। जिसके चलते वे धाकड़ छोरा के नाम से भी जाने जाते हैं।
