गाजियाबाद

Ghaziabad News: ट्रांस हिंडन क्षेत्र की 6 लाख आबादी को नहीं मिलेगा गंगा जल, ऐसे बुझानी पड़ेगी प्यास

गाजियाबाद के ट्रांस हिंडन क्षेत्र के कुछ क्षेत्रों में दीपावाली यानी 12 नवंबर तक गंगाजल की आपूर्ति ठप कर दी गई है। जीडीए और नगर निगम के ट्यूवबेल और टैंकर से दिन में एक समय पानी दिया जाएगा।

Image

ट्रांस हिंडन में पानी सप्लाई बाधित

Photo : ANI

गाजियाबाद: जल संकट लोगों के लिए परेशानी का सबब बनता जा रहा है। इस बीच ट्रांस हिंडन क्षेत्र के इंदिरापुरम, वसुंधरा, सिद्धार्थ विहार, वैशाली, डेल्टा कॉलोनी और कौशांबी को एक बार फिर पानी के के लिए जद्दोजहद करनी पड़ेगी। इन इलाकों में त्योहारी सीजन दीपावाली यानी 12 नवंबर तक पानी के संकट का सामना करना पड़ेगा। इसकी वजह है सफाई के लिए गंगनहर को मंगलवार की शाम बंद कर दिया गया। इसी के साथ गंगाजल की आपूर्ति ठप हो गई। अब जल निगम के प्रताप विहार प्लांट पर जितना पानी बचा है, उसकी ही सप्लाई की जाएगी। इसके बाद जीडीए और नगर निगम के ट्यूवबेल और टैंकर से दिन में एक समय पानी दिया जाएगा।

ट्यूबवेल और टैंकर से होगीआपूर्ति

गंगाजल परियोजना के अधिशासी अभियंता उन्मेश शुक्ला का कहना है कि हर साल की अक्टूबर महीने में यह स्थिति आती है। गंगनहर को बंद करके सफाई और प्लांट में मरम्मत का काम कर उसे दुरुस्त किया जाता है। उन्होंने बताया कि प्रताप विहार प्लांट की भंडारण क्षमता 150 क्यूसेक है। इतना ही पानी भंडारण करके रखा गया है। अगले एक-दो दिन में इसी से आपूर्ति करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही ट्यूबवेल और टैंकर से आपूर्ति की व्यवस्था कर दी गई है। जल्द लोगों को इसकी सेवा प्रदान की जाएगी।

बोतलबंद पानी के भरोसे रहेंगे लोग

गंगाजल की आपूर्ति बंद होते ही ट्रांस हिंडन क्षेत्र के करीब छह लाख की आबादी पेयजल के लिए बोतलबंद पानी के भरोसे रहेगी। हालांकि, पूर्व में भी इस पानी की गुणवत्ता पर कई बार सवालिया निशान लग चुकें हैं। इसके ज्यादातर प्लांट के पानी के नमूने फेल हो चुके हैं, लेकिन मजबूरी में लोगों को इसे ही खरीदना पड़ता है। इतना ही नहीं कई जगह तो टैंकर पहुंचता ही नहीं है। ट्यूबवेल से पानी बहुमंजिला इमारतों की ऊपरी मंजिल तक नहीं पहुंच पाता है। ऐसे में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

पानी के लिए ये व्यवस्था की गई

  • डेल्टा कॉलोनी, वैशाली वसुंधरा, कौशाबी : नगर निगम के नलकूप और टैंकर से पानी की सप्लाई
  • इंदिरापुरम जोन : जीडीए के छोटे-बड़े 25 नलकूप से मिलेगा पानी
  • वसुंधरा जोन : नगर निगम के 112 छोटे-बड़े नलकूप और टैंकर से पानी सप्लाई होगी
Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article