गाजियाबाद

गाजियाबाद Loksabha Election: अचानक मतगणना केंद्र पहुंच मंडलायुक्त ने अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश

सातवें और अंतिम चरण का मतदान 1 जून को सम्पन्न हो जाएगा और अब हर किसी को 4 जून का इंतजार है। उत्तर प्रदेश की गाजियाबाद सीट पर लोगों की निगाहें टिकी हुई हैं। राजनाथ सिंह और जनरल वीके सिंह को लोकसभा भेज चुकी इस सीट पर इस बार कौन जीतेगा? प्रशासन मतगणना की तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है।

Image

गाजियाबाद लोकसभा क्षेत्र

Photo : Times Now Digital

19 अप्रैल 2024 को पहले चरण के मतदान के साथ शुरू हुए लोकसभा चुनाव 2024 (Loksabha Election 2024) के तहत सातवें और अंतिम चरण का मतदान 1 जून को सम्पन्न होगा। मतदान के बाद लोगों की एक नजर एग्जिट पोल पर भी रहेगी, लेकिन हर किसी को इंतजार होगा 4 जून का। क्योंकि 4 जून को लोकसभा चुनाव रिजल्ट (Loksabha Election Result 2024) घोषित होगा। देश में कई ऐसी वीआईपी सीटें हैं, जिन पर लोगों की कड़ी नजर रहेगी। दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश की गाजियाबाद सीट भी ऐसी ही एक सीट है, जिस पर हर किसी की निगाह होगी।

क्यों महत्वपूर्ण है गाजियाबाद सीट

NCR की गाजियाबाद सीट काफी महत्वपूर्ण है। केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने अतुल गर्ग को अपना उम्मीदवार बनाया, जबकि विपक्षी गठबंधन INDIA की ओर से कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा यहां से ताल ठोक रही हैं। बहुजन समाज पार्टी ने नंद किशोर पुंडीर को यहां से टिकट दी है। दिल्ली से सटी होने के कारण गाजियाबाद महत्वपूर्ण सीट है ही। इसके अलावा यहां से साल 2009 में राजनाथ सिंह चुनाव जीत चुके हैं। 2014 और 2019 में पूर्व सेनाध्यक्ष जनरल वीके सिंह ने यहां जीत दर्ज की थी।

मतगणना की तैयारी

गाजियाबाद लोकसभा सीट पर लोकसभा चुनाव 2024 के दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान हुआ था। अब हर किसी को 4 जून का बेसब्री से इंतजार है। चार जून से पहले प्रशासन ने यहां मतगणना की तैयारियों को अंतिम रूप देने का काम शुरू कर दिया है। गुरुवार को मंडलायुक्त सेल्वा कुमारी जे ने गोविंदपुरम मंडी परिसर में मौजूद मतगणना स्थल का औचक निरीक्षण किया।

सेल्वा कुमारी ने स्ट्रांग रूम के साथ ही मॉनिटरिंग रूम और कंट्रोल रूम की भी जांच की और जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए। इस औचक निरिक्षण के दौरान एडीएम प्रशासन रणविजय सिंह, अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी डॉ. सीमा बालयान सहित कई कर्मचारी मजूद थे।

अधिकारियों को निर्देश

गाजियाबाद लोकसभा सीट के लिए मतगणना का कार्य शांतिपूर्ण और पारदर्शिता से पूरा हो, इसके लिए सेल्वा कुमारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के लिए लगाई जाने वाली जालियां कंटीली और धारदार न हों, ताकि किसी को किसी प्रकार का नुकसान न हो। उन्होंने निर्देश दिया कि मतगणना के कार्य में लगे कर्मचारियों, मीडियाकर्मियों और राजनीतिक दलों के लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए किसी तरह की परेशानी नहीं हो।
Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article