गाजियाबाद

Delhi Red Fort Blast: दिल्ली धमाके में अमरोहा के बेटे की मौत, हार्ट पेशेंट मां को अब तक नहीं मिली खबर; मातम में डूबा गांव

दिल्ली में लाल किले के पास हुए धमाके में अमरोहा के रहने वाले 35 वर्षीय अशोक की भी मौत हो गई है। वे डीटीसी में संविदा कंडक्टर के तौर पर काम कर रहे थे। दिवाली पर घर में त्योहार मानने के बाद वापस दिल्ली लौट गए थे। पुलिस ने घटनास्थल से मिले दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान की पुष्टि की।

Image

दिल्ली कार ब्लास्ट में अमरोहा के अशोक की मौत

Delhi Red Fort Blast: दिल्ली में लाल किले के पास सोमवार को हुए भीषण कार धमाके में अमरोहा के एक युवक की भी दर्दनाक मौत हो गई। जिसकी पहचान हसनपुर क्षेत्र के मंगरोला गांव निवासी अशोक (35) के तौर पर हुई। इस खबर से गांव में मातम पसर गया है। पुलिस ने घटनास्थल से मिले दस्तावेजों और वाहन रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उनकी पहचान की पुष्टि की। टाइम्स नाउ नवभारत के साथ बातचीत में परिजनों ने अपनी आपबीती सुनाई है।

डीटीसी में संविदा कंडक्टर था अशोक

दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार शाम को हुए जोरदार धमाके में आसपास खड़ी गाड़ियों के भी परखच्चे उड़ गए। इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार इस भीषण धमाके में अब तक 9 लोगों की मौत हो गई। जिसमें अमरोहा के रहने वाले 35 वर्षीय अशोक की भी मौत हो गई। अशोक के चचेरे भाई और ग्राम प्रधान सोमपाल सिंह ने बताया कि शाम को थाने से फोन आया कि लाल किला ब्लास्ट में अशोक की मौत हो गई है। अशोक, दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) में संविदा कंडक्टर के रूप में काम कर रहे थे। वे दिवाली पर घर आए थे और त्योहार के बाद वापस दिल्ली लौट गए थे। अशोक की इस तरह मौत की खबर से गांव में शोक की लहर है।

9 साल पहले मिली थी नौकरी

अशोक दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) में करीब 9 साल पहले नौकरी मिली थी। वे पिछले तीन साल से दिल्ली के जगतपुर इलाके में किराए के मकान में पत्नी सोनम और तीन छोटे बच्चों के साथ रह रहे थे। उनकी मां सोमवती (65) हार्ट पेशेंट हैं, इसलिए उन्हें बेटे की मौत की खबर अब तक नहीं दी गई है। अशोक के पिता की 25 साल पहले बीमारी से मौत हो चुकी है। अशोक के बड़े भाई सुभाष खेती करते हैं। दोनों भाइयों के पास करीब 6 बीघा जमीन है। इस घटना की जानकारी मिलते ही हसनपुर क्राइम इंस्पेक्टर अमरपाल सिंह पुलिस टीम के साथ मंगरोला गांव पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत की और मामले की जानकारी ली।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article