Chowmein Seller Arrested: दिल्ली से सटे गाजियाबाद जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक हफ्ते पहले व्यापारी से 30 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। गाजियाबाद की लिंक रोड थाना पुलिस ने मंगलवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया। पुलिस ने पीड़ित कारोबारी के पड़ोसी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पहले पीड़ित का किरायेदार भी रह चुका था। पुलिस ने आरोपी से रंगदारी मांगने में इस्तेमाल किए गए मोबाइल को बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, कड़कड़ मॉडल के रहने वाले राजेश राघव ने एक फरवरी को इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई थी। पीड़ित राजेश राघव ने बताया कि अज्ञात नंबर से उनके पास 31 जनवरी की रात में कॉल आई। कॉल करने वाले ने धमकी दी थी कि अगर अपने 12 साल बेटे को जिंदा देखना चाहता है तो चार दिन में 30 लाख रुपये का इंतजाम कर ले।
