Bulandshahr Police Encounter: बुलंदशहर में पुलिस ने 24 घंटे के अंदर हत्या के आरोपी को पकड़ लिया है। ककोड पुलिस ने दनकौर झाझर मार्ग पर मुठभेड़ के दौरान आरोपी कृष्ण को गिरफ्तार किया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग भी की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने उसे अरेस्ट कर अस्पातल में इलाज के लिए भर्ती कराया है।
ग्रामीणों ने की आरोपी की गिरफ्तारी की मांग
आरोपी कृष्ण ने 24 घंटे पहले अपने दोस्ती को मौत के घाट उतार दिया था। उसने अलौदा जागीर में अपने साथी सागर के साथ मिलकर दोस्त की पेचकस गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। जिसके बाद वह मौके से फरार हो गया। आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जाम भी लगाया था। पुलिस ने हत्यारोपी को 24 घंटे में ही दबोच लिया।
आरोपी के पास पेचकस बरामद
आरोपी खंडहरनुमा कोठरी में छिपा बैठा था। पुलिस ने उसे मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से तमंचा, कारतूस, कपड़े और पेचकस भी बरामद हुआ है। आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
गाजियाबाद में स्नैचिंग का आरोपी गिरफ्तार
गाजियाबाद के थाना इंदिरापुरम में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश को गिरफ्तार किया। वह लूटपाट और स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देता था। मुठभेड़ के दौरान उसके दोनों पैरों में गोली लग गई है। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। देर रात को चेकिंग के दौरान पुलिस को बाइक सवार व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस ने चेकिंग के लिए उसे रोकने की कोशिश की। लेकिन उसने बाइक की स्पीड बढ़ा दी और वह असंतुलित होकर गिर पड़ा। खुद को पुलिस टीम से घिरता देखकर आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया और पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान पारस उर्फ सोनू निवासी शहादरा, दिल्ली बताई है।
