Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। रविवार दोपहर कनावनी पुलिया के पास हिंडन नदी में प्लास्टिक की बोरी में भरकर मांस फेंकने जा रहे 14 और 15 साल के दो नाबालिग किशोरों को गाजियाबाद की मेयर सुनीता दयाल ने रंगे हाथों पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान यह बात सामने आई कि दोनों किशोर पास के ही एक मदरसे के छात्र हैं और उन्हें मदरसा संचालक ने यह मांस नदी में फेंकने के लिए दिया था। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मेयर पुलिस अधिकारियों को सख्त हिदायत देती नजर आ रही हैं।
कूड़े के ढेर की जांच करने रुकी थीं मेयर
महापौर सुनीता दयाल ने बताया कि रविवार दोपहर वह कनावनी इलाके से होकर गुजर रही थीं। रास्ते में कनावनी पुलिया के पास बाईं ओर कूड़े का एक बड़ा ढेर देखकर उन्होंने अपनी गाड़ी रुकवा ली। वह यह जांचने के लिए उतरी थीं कि जब नगर निगम की गाड़ियां घर-घर जाकर कूड़ा उठाती हैं, तो यहां कौन कचरा फेंक रहा है। इसी दौरान उनकी नजर दाईं ओर साइकिल के साथ खड़े दो किशोरों पर पड़ी, जिनके पास एक प्लास्टिक का कट्टा (बोरी) था। शक होने पर जब मेयर और उनके गनर्स ने बच्चों को रोककर पूछताछ की, तो पहले बच्चों ने कूड़ा होने की बात कही, लेकिन कड़ाई से पूछने पर उन्होंने स्वीकार किया कि बोरी के भीतर मांस है।
मदरसा संचालक हिरासत में
घटना के सामने आते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। वायरल वीडियो में मेयर सुनीता दयाल बच्चों को डांटते हुए कह रही हैं, "योगी राज में तुम गाय का मांस हिंडन नदी में फेंककर चल दोगे? ऐसा बिल्कुल नहीं चलेगा। यह गंगा और हिंडन को अपवित्र करने का काम है, जो कि एक जघन्य अपराध है।" बच्चों ने बताया कि वे कनावनी के ही एक मदरसे में पढ़ते हैं और वहां के संचालक ने उन्हें यह बोरी नदी में फेंकने के लिए दी थी। सूचना मिलते ही मौके पर भारी पुलिस बल पहुंच गया। पुलिस ने इसी बीच मौके पर पहुंचे मदरसा संचालक को हिरासत में ले लिया है, जबकि दोनों बच्चों के नाबालिग होने के कारण उन्हें फिलहाल छोड़ दिया गया है।
'मदरसा सील हो, नहीं तो थाना सस्पेंड करा दूंगी'
मेयर सुनीता दयाल ने इस घटना को अक्षम्य अपराध बताते हुए पुलिस कमिश्नर और डीएसपी से सीधे बात की है। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से उनके नाम-पते पूछे और कड़े लहजे में चेतावनी दी, "अगर इस मामले में सख्त कार्रवाई नहीं हुई और आरोपियों को छोड़ा गया, तो मैं पूरा थाना सस्पेंड करा दूंगी। ऐसे संस्थानों पर ताले लगने चाहिए, जहां बच्चों को पढ़ाने के बजाय उनसे गैर-कानूनी काम कराए जा रहे हैं। इस मदरसे को तुरंत सील किया जाना चाहिए।" मेयर ने घटना को लेकर बाद में अपने सोशल मीडिया हैंडल से एक वीडियो भी जारी किया।
मांस की होगी फॉरेंसिक जांच
मामले की जानकारी देते हुए एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस को कनावनी पुलिया के पास एक बोरी में पशु मांस होने की सूचना मिली थी, जिसे पुलिस ने तुरंत अपने कब्जे में ले लिया है। मांस किस मवेशी का है इसकी पुष्टि के लिए सैंपल को लैब टेस्ट के लिए भेजा गया है। एसीपी ने आगे बताया कि पूछताछ और तहरीर के आधार पर एक व्यक्ति (मदरसा संचालक) को हिरासत में लेकर गहन छानबीन की जा रही है।
