शहर

गाजियाबाद में बिजली विभाग की जानलेवा लापरवाही! गली में खेलते हुए करंट की चपेट में आया 8 साल का मासूम, मौके पर ही मौत

Ghaziabad News: गाजियाबाद के टीला मोड़ क्षेत्र में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही के चलते 8 साल के मासूम अयान की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना का खौफनाक CCTV भी सामने आया है।

Image

बिजली के खंभे में उतरे करंट ने ली मासूम की जान

Photo : Times Now Digital

Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में बिजली विभाग की घोर प्रशासनिक लापरवाही के चलते एक और हंसता-खेलता परिवार तबाह हो गया। टीला मोड़ थाना क्षेत्र की इकबाल कॉलोनी में बिजली के खंभे और ट्रांसफार्मर के पास फैले करंट की चपेट में आने से 8 साल के मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे का एक CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें यह पूरी दुखद घटना कैद हुई है।

गली में खेलने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, 8 वर्षीय मासूम अयान अपनी गली में अन्य बच्चों की तरह खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक बिजली के खंभे के पास चला गया, जहां पहले से ही जमीन और खंभे में करंट उतरा हुआ था। करंट का झटका इतना जोरदार था कि मासूम को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी जान चली गई।

लगातार शिकायत के बाद भी सोता रहा विभाग

इस हादसे के बाद पीड़ित परिवार और स्थानीय निवासियों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस डेंजर जोन को लेकर पहले भी कई बार बिजली विभाग को लिखित और मौखिक रूप से आगाह किया गया था। जमीन में फैलता था करंट: लोगों ने बताया था कि क्षेत्र के खंभों और ट्रांसफार्मर की खराबी के कारण अक्सर जमीन में करंट फैलता है, जिससे बड़ा हादसा हो सकता है। शिकायत के बावजूद अधिकारियों ने सुरक्षा के कोई पुख्ता उपाय नहीं किए। ग्रामीणों के मुताबिक, इस जगह पर पहले भी कई जानवरों की करंट लगने से मौत हो चुकी है।

पिता ने की FIR दर्ज करने की मांग

मृतक बच्चे के बेबस पिता सुबेदीन ने टीला मोड़ थाने में बिजली विभाग के लापरवाह अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ शिकायती पत्र दिया है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त धाराओं में FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारी author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article