शहर

Greater Noida Encounter: ग्रेटर नोएडा में आधी रात को चलीं गोलियां! 25 हजार का इनामी बदमाश घायल; पुलिस पर की थी फायरिंग

Greater Noida Encounter: ग्रेटर नोएडा के दादरी में पुलिस और 25 हजार के इनामी बदमाश अशोक कुमार उर्फ भोला के बीच मुठभेड़ हो गई। पैर में गोली लगने से घायल बदमाश अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध हथियार और लूटा गया सामान बरामद किया है।

Image

दादरी में पुलिस और लूटने वाले गिरोह के सरगना के बीच हुई मुठभेड़

Photo : Times Now Digital

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में अपराधियों के खिलाफ जारी मुहिम के तहत दादरी थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। शनिवार को पुलिस और 25 हजार रुपये के इनामी शातिर बदमाश के बीच हुई एक मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश घायल हो गया। पैर में गोली लगने के कारण पुलिस ने उसे दबोच लिया और तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान अशोक कुमार उर्फ आशु उर्फ भोला के रूप में हुई है, जो लंबे समय से पुलिस की रडार पर था।

चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़

ADCP ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार ने जानकारी दी कि यह मुठभेड़ दादरी थाना क्षेत्र के चिटहैरा नहर के पास पेरिफेरल अंडरपास पर हुई। पुलिस टीम वहां रूटीन चेकिंग कर रही थी, तभी बाइक सवार एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो वह बाइक मोड़कर तेजी से भागने लगा। पुलिस टीम ने जब पीछा किया, तो बदमाश ने खुद को घिरता देख पुलिस पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली बदमाश के पैर में लगी और वह वहीं गिर पड़ा।

बता दें कि आरोपी अशोक कुमार उर्फ आशु उर्फ भोला एक शातिर अपराधी है, जिस पर हत्या, लूट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस, चोरी की बाइक तथा पीड़ित का लूटा गया आधार कार्ड और अन्य सामान बरामद किया गया।

लिफ्ट देकर लूटने वाले गिरोह का था हिस्सा

आरोपी अशोक एक ऐसे शातिर गिरोह से जुड़ा है, जो कार में लोगों को लिफ्ट देने के बहाने बैठाता था और फिर सुनसान रास्ते पर ले जाकर उनका मोबाइल, नकदी और जरूरी दस्तावेज लूट लेता था। दादरी में भी उसने कार में लिफ्ट देकर एक पीड़ित से मोबाइल और नकदी लूटी थी। फिलहाल, पुलिस इस गिरोह के अन्य साथियों और उनके पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!