शहर

उत्तराखंड: गैंगस्टर विनय त्यागी की मौत, जेल से लक्सर कोर्ट ले जाते बदमाशों ने मारी थीं गोलियां

उत्तराखंड के रुड़की में पिछले दिनों गैंगस्टर विनय त्यागी पर जानलेवा के बाद वह बुरी तरह घायल हो गया था, जिसके बाद उसे हरिद्वार एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी मौत हो गई।

Image

गैंगस्टर विनय त्यागी की मौत (फोटो-ट्विटर)

हरिद्वार : उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में तीन दिन पहले दिनदहाड़े हुई गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल गैंगस्टर विनय त्यागी की शनिवार को अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि त्यागी को 24 दिसंबर को रुड़की जेल से लक्सर अदालत में पेशी के लिए ले जाया जा रहा था और उसी दौरान रास्ते में लक्सर फलाइओवर के पास दो बदमाशों ने पुलिस वाहन पर कथित रूप से ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं, जिसमें त्यागी गंभीर रूप से घायल हो गया।

रंजिश में त्यागी को मारी गोली

पुलिस के मुताबिक, कुख्यात सुनील राठी गिरोह के गैंगस्टर त्यागी को तीन गोलियां लगी थी, जिसके बाद गंभीर हालत में उसे एम्स-ऋषिकेश में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार सुबह उसकी मौत हो गयी। पुलिस ने बताया कि गोलीबारी में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे। घटना के अगले दिन गोलियां चलाने वाले दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया था और उन्होंने आपसी रंजिश की वजह से त्यागी पर हमला करने की बात कबूल की।

हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। हमलावर सनी यादव और अजय के खिलाफ दर्ज मुकदमे में हत्या के प्रयास की धारा को अब हत्या की धारा में बदल दिया गया है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article