शहर

Bulandshahr News : पत्नी के बाल पकड़कर घसीटा, फिर की मारपीट, पूर्व विधायक गुड्डू पंडित पर गंभीर आरोप; Video वायरल

बुलंदशहर के पूर्व विधायक गुड्डू पंडित पर पत्नी और कांग्रेस नेत्री अर्चना पांडा ने मारपीट का आरोप लगाया है। सामने आए वीडियो में नेता जी पत्नी को बाल घसीटते नजर आ रहे हैं।

Image

बुलंदशहर में पूर्व विधायक गुड्डू पंडित पर पत्नी से मारपीट का आरोप

बुलंदशहर : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में डिबाई विधानसभा सीट से दो बार विधायक रह चुके श्रीभगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित विवादों में घिर गए हैं। पूर्व विधायक पर उनकी पत्नी और कांग्रेस नेत्री अर्चना पांडा ने मारपीट और बदसलूकी के गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वायरल वीडियो में क्या दिखा?

वायरल वीडियो में एक महिला जमीन पर गिरी दिखाई दे रही है। आरोप है कि वीडियो में नजर आ रहे व्यक्ति गुड्डू पंडित हैं, जो महिला के बाल पकड़कर उसे घसीटते और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। महिला खुद को बचाने के लिए झाड़ू से प्रहार करती भी नजर आती है। रिपोर्टों के मुताबिक, घटना बुलंदशहर में शिकारपुर बाईपास रोड स्थित पूर्व विधायक के आवास पर हुई।

अर्चना पांडा ने पुलिस को क्या बताया?

अर्चना पांडा ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि 2 सितंबर को वह अपने बेटे के साथ घर में थीं। इसी दौरान गुड्डू पंडित वहां पहुंचे और दरवाजा खुलवाने के बाद उनके साथ विवाद करने लगे। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर उन्होंने अर्चना को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और उनके बाल पकड़कर मारपीट की।

अर्चना के मुताबिक, उनकी चीख-पुकार सुनकर घर का नौकर मौके पर पहुंचा और मोबाइल से घटना की रिकॉर्डिंग शुरू कर दी। वीडियो बनता देखकर आरोपी पीछे हट गए। इसके बाद वह किसी तरह घर से बाहर निकलीं और पुलिस को सूचना दी। उन्होंने अपनी और अपने बच्चे की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

सीओ सिटी प्रखर पांडेय के मुताबिक, महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस वायरल वीडियो और शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। वहीं, कुछ रिपोर्टों में पूर्व विधायक की ओर से वायरल वीडियो को पुराना बताया गया है। ऐसे में पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले ने बुलंदशहर की राजनीति में भी हलचल बढ़ा दी है। पुलिस की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई पर सभी की नजर है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article