शहर

झारखंड में राजू उर्फ 'टकला' ने भाजपा नेता के घर पर की ताबड़तोड़ फायरिंग; CCTV में कैद हुई वारदात

झारखंड में भाजपा नेता सपन दास के आवास पर फायरिंग का मामला सामने आया है। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

Image

भाजपा नेता के घर पर फायरिंग।(सांकेतिक-फोटो)

झारखंड के जमशेदपुर के आदित्यपुर सबटाउन में मंगलवार को भाजपा नेता सपन दास के आवास पर स्कूटी सवार अपराधियों ने ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग की। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है। सपन दास का घर सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत सालडीह बस्ती में स्थित है।

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

चश्मदीदों के मुताबिक अपराधी स्कूटी से पहुंचे थे और भाजपा नेता के घर की खिड़की को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी के दौरान हमलावरों ने गाली-गलौज भी की और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। स्थानीय स्तर पर हमलावरों की पहचान कुख्यात राजू उर्फ 'टकला' और चंदन के रूप में की गई है। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

चार अप्रैल को भी हुआ था कुछ ऐसा ही

लोगों ने पुलिस प्रशासन पर शिथिलता का आरोप लगाते हुए कहा कि इन्हीं अपराधियों ने बीते 4 अप्रैल को भी क्षेत्र में हिंसक वारदात की कोशिश की थी। उन्होंने कहा कि तीन दिन पहले हुई घटना के बावजूद पुलिस द्वारा ठोस कार्रवाई न किया जाना अपराधियों के बढ़ते मनोबल का मुख्य कारण है।

छापेमारी जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए आदित्यपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद तिर्की ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है और सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी के बाद सालडीह बस्ती में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

स्थानीय निवासियों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और चिन्हित अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article