शहर

गाजियाबाद में भीषण आग का तांडव; राजनगर एक्सटेंशन की सोसायटी के फ्लैट में धधकी उठीं लपटें

गाजियाबाद के राज नगर एक्सटेंशन स्थित एक सोसायटी के फ्लैट में दोपहर के समय अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। हालांकि, परिवार के सदस्य उस वक्त घर पर मौजूद नहीं थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई।

Image

गाजियाबाद के एक फ्लैट में लगी भीषण आग (फोटो: ANI)

Photo : ANI

Ghaziabad Fire: गाजियाबाद के राज नगर एक्सटेंशन स्थित क्लासिक रेसिडेंसी सोसायटी में तीसरी मंजिल पर बने एक फ्लैट में दोपहर करीब 1:30 बजे अचानक आग लग गई। आग ने तेजी से घरेलू सामान को अपनी चपेट में लिया और देखते ही देखते पूरे फ्लैट में फैल गई। जानकारी के मुताबिक, फ्लैट नंबर 202 थर्ड फ्लोर में भीषण आग का कहर देखने को मिला जिसका वीडियो भी सामने आया है।

घरेलू सामान पूरी तरह जलकर खाक

स्थानीय लोगों के अनुसार शुरुआत में हल्का धुआं उठता नजर आया, लेकिन कुछ ही मिनटों में आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते लपटों ने पूरे फ्लैट को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे अंदर रखा फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। फ्लैट के मालिक मुकुल निगम उस समय घर पर मौजूद नहीं थे, बल्कि काम पर गए हुए थे। उनकी पत्नी और बच्चे भी उस वक्त बाहर थे। परिवार के सभी सदस्य घर से बाहर होने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया और किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

आसपास के फ्लैट्स तक फैला धुआं

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। आग पर काबू पाने के लिए कई दमकल गाड़ियों को लगाया गया और संयुक्त रूप से बुझाने का अभियान चलाया गया। आग इतनी भयावह थी कि उसे नियंत्रित करने में दमकलकर्मियों को कड़ी मेहनत करनी पड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लपटें बेहद तेज थीं और घना धुआं आसपास के फ्लैट्स तक फैल गया था। स्थिति को देखते हुए आस-पास रहने वाले लोग तुरंत अपने घरों से बाहर निकल आए और बचाव कार्य में दमकलकर्मियों का सहयोग किया।

शुरुआती जांच में क्या पता चला?

दमकल विभाग ने लंबे समय तक चली कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और शुरुआती जांच में किसी विस्फोट या बड़ी दुर्घटना के संकेत नहीं मिले हैं। स्थानीय प्रशासन ने प्रभावित परिवार को हर संभव राहत और जरूरी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। वहीं, इस घटना के बाद सोसायटी के लोगों में आग से सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ी है और वे इसे लेकर अधिक सतर्क हो गए हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article