Faridabad: फरीदाबाद के 36वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। तीन से 19 फरवरी तक आयोजित होने वाले इस मेले में इस बार देश-विदेश के पर्यटक हस्तशिल्प के अलावा कई तरह के लजीज व्यंजनों का लुफ्त उठा सकते हैं। इस हस्तशिल्प मेले के फूड कोर्ट का थीम स्टेट पूर्वोत्तर के व्यंजनों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। मेले में आने वाले पर्यटक पहली बार पूर्वोत्तर की परंपरागत भोजन का स्वाद ले सकेंगे। मेले के थीम स्टेट में मेघालय, मणिपुर, असम, अरुणाचल, मिजोरम, त्रिपुरा, सिक्किम और नगालैंड के लोकल व्यंजनों के अलग-अलग आठ स्टॉल लगाए जाएंगे।
इन सभी राज्यों के लिए हरियाणा पर्यटन निगम ने स्टाल अलॉट कर दिए हैं। इस संबंध में पूर्वोत्तर कृषि विपणन निगम के साथ राज्य के पर्यटन विभाग की कई दौर की बैठक हो चुकी है। जिसके बाद पूर्वोत्तर ने मेला क्षेत्र में अपनी तैयारी को गति देना शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि, इस फूड कोर्ट में सभी राज्य के स्टॉल पर वहां के पसंदीदा लोकल व्यंजन परोसे जाएंगे। इन राज्यों का चावल और फिश मुख्य व्यंजन है। इनके अलग-अलग स्वाद आप इस मेले में ले सकते हैं। असम में बांस की लकड़ी में पकाया गया सब्जी मिश्रित चावल, बांस की स्टिक में पकी फिश और फिश टमाटर लोगों को खूब पसंद आएगी।
