Delhi-Mumbai Expressway: फरीदाबाद से जयपुर यात्रा करने वालों के लिए अच्छी खबर है। 12 फरवरी से इन दोनों शहरों के बीच की 273 किमी की दूरी मात्र तीन से साढ़े तीन घंटे में तय किया जा सकेगा। अभी दोनों शहरों के बीच जाने में छह घंटे का समय लगता है। दरअसल, गुरुग्राम के सोहना से राजस्थान दौसा के बीच दिल्ली-मुंबई के बीच 220 किलोमीटर लंबे स्ट्रेच का पीएम मोदी 12 फरवरी को उद्घाटन करेंगे। इस 1,386 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे के पहले खंड पर वाहन फरार्टा भरने लगेंगे। अगर आपक फरीदाबाद से जयपुर जाना चाहते हैं तो आप अब इस एक्सप्रेसवे की मदद से अब आधे समय में पहुंच सकते हैं।
बता दें कि, अभी फरीदाबाद से जयपुर जाने में अभी लंबा वक्त लगता है। वाहन चालकों को सबसे ज्यादा मुश्किल का सामना दिल्ली-जयपुर हाईवे पर होता है। इस हाईवे पर लगने वाले भीषण जाम के कारण जयपुर पहुंचने में कई बार सात से आठ घंटे लग जाता है, लेकिन अब वाहन चालकों को इन सभी समस्याओं से छुटकारा मिल जाएगा। वाहन चालक अब फरीदाबाद से गुरुग्राम पहुंचने के बाद सोहना के अलीपुर से एक्सप्रेसवे को पकड़ सकते हैं। इस एक्सप्रेसवे पर 180 किमी चलने के बाद वाहन चालकों को दौसा से पहले आगरा-जयपुर हाईवे पर आना होगा। इस पूरी दूरी को मात्र तीन से साढ़े तीन घंटे में पूरा किया जा सकेगा।
