Faridabad News: शहर में तीन से 19 फरवरी तक 36वां सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेला आयोजित हो रहा है। मेले में लगने वाले फूड कोर्ट में थीम स्टेट पूर्वोत्तर के व्यंजन आकर्षण का केंद्र होंगे। इन व्यंजनों का देश-विदेश के पर्यटक स्वाद ले सकेंगे। फूड कोर्ट में पूर्वोत्तर के परंपरागत भोजनों की थाली परोसी जानी है। थीम स्टेट में असम, अरुणाचल, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, नागालैंड और सिक्किम के परंपरागत भोजन के 8 स्टॉल लगाए जाएंगे। हरियाणा पर्यटन निगम ने स्टॉल आवंटित कर दिए हैं।
पूर्वोत्तर कृषि विपणन निगम ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। हर राज्य के अपने-अपने स्टॉल पर वहां के परंपरागत व्यंजन रहेंगे। असम एवं अन्य राज्यों का मुख्य व्यंजन चावल और मछली है। इन राज्यों के लोगों द्वारा बांस की लकड़ी में सब्जी मिश्रित चावल पकाया जाता है। इसी तरह बांस की स्टिक में मछली पकाई जाती है। असम में फिश टमाटर भी बहुत पकाया जाता है।
