Faridabad: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा और फरीदाबाद को एक दूसरे से सीधे जोड़ने वाला मंझावली पुल यमुना नदी पर बनकर तैयार हो गया है। फरीदाबाद की तरफ से इस पर सड़क का निर्माण भी पूरा हो चुका है, लेकिन इस पुल के माध्यम से दोनों राज्यों के बीच आने-जाने के लिए वाहन चालकों को अभी और इंतजार करना पड़ेगा। दरअसल, ग्रेटर नोएडा के इलाके में अभी इस सड़क का निर्माण शुरू तक नहीं हो पाया है। जिसकी वजह से पुल बनने के बाद भी इसे मार्च से शुरू करने की योजना अधर में लटक गई है। बता दें कि मंझावली गांव के पास यमुना पर इस पुल का शिलान्यास केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने 15 अगस्त 2014 को किया था।
उसे समय दावा किया गया था कि, इसे वर्ष 2021 तक शुरू कर दिया जाएगा, लेकिन इसमें किसी न किसी कारण से देरी होती रही। इस पुल के शुरू हो जाने के बाद दोनों शहरों के बीच 20 से 25 मिनट में पहुंचा जा सकेगा। यह फरीदाबाद से ग्रेटर नोएडा जाने में डेढ़ से दो घंटे का समय लग जाता है। फरीदाबाद पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार, यूपी की तरफ डेढ़ किमी सड़क निर्माण के लिए अभी जमीन का अधिग्रहण चल रहा है। इसके पूरा होने के बाद सड़क निर्माण में भी कम से कम दो माह का समय लग जाएगा। इसलिए उम्मीद की जा रही है कि, इस पुल से वाहनों का आवगमन मई या जून से शुरू हो सकता है।
