Faridabad: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर गुरुग्राम के सोहना से दौसा तक के हिस्से का शुभारंभ कर दिया गया है। वाहन चालक 15 फरवरी से इस एक्सप्रेसवे पर सफर कर सकेंगे। इस बीच फरीदाबाद के लोगों के लिए भी एक बड़ी खुशखबरी आई है। फरीदाबाद के लोग भी अगले सप्ताह से इस एक्सप्रेसवे पर सफर का आनंद ले सकेंगे। दरअसल, दिल्ली के लोगों को एक्सप्रेसवे की कनेक्टिविटी देने के लिए बन रहा लिंक एक्सप्रेसवे का एक खंड 20 फरवरी से शुरू होने जा रहा है। कैल गांव से लेकर मंडकौला तक 25 किलोमीटर लंबा यह खंड बनकर तैयार हो चुका है। लिंक एक्सप्रेसवे के इस खंड के शुरू होने से फरीदाबाद के लोग भी सीधा दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर पहुंच सकेंगे।
बता दें कि दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा और फरीदाबाद को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से कनेक्ट करने के लिए डीएनडी फ्लाईओवर से एक लिंक एक्सप्रेसवे बनाया जा रहा है। सिक्स लेन का यह एक्सप्रेसवे कालिंदी कुंज और फरीदाबाद होते गांव गुरुग्राम के मिंडकौला में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा। इस लिंक एक्सप्रेसवे के एक खंड के शुरू होने के बाद फरीदाबाद के लोगों को गुरुग्राम जाने के लिए एक नया फास्ट रूट मिल जाएगा। लोग बगैर ट्रैफिक जाम में फंसे 20 से 30 मिनट में फरीदाबाद से गुरुग्राम पहुंच सकेंगे। इसके अलावा नोएडा और पलवल के लोगों का भी गुरुग्राम तक का सफर आसान हो जाएगा।
