फरीदाबाद

Faridabad: यह गिरोह अंगूठे का क्लोन बनाकर करता था लाखों की ठगी, एक को दबोचा तो हुआ पर्दाफाश

  • Reported by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 11, 2022, 06:52 PM IST

Faridabad: अंगूठे का क्लोन बनाकर आधार इनेबल पेमेंट सिस्टम से पैसा निकालने वाले एक बड़े गिरोह का खुलासा हुआ है। यह गिरोह फरीदाबाद और पलवल में ठगी की वारदातों को अंजाम देता है। पुलिस एक आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ करने में जुटी है। जांच में पता चला है कि, इस गिरोह में कई सदस्‍य हैं। जो इस समय सभी फरार बताए जा रहे।

Image

साइबर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार (प्रतीकात्मक तस्वीर)

KEY HIGHLIGHTS
  • आरोपियों ने एक महिला के खाते से निकाले थे 2.09 लाख रुपये
  • यह गिरोह फरीदाबाद और पलवल में करता था साइबर ठगी
  • अंगूठे का क्लोन बनाकर आधार इनेबल पेमेंट सिस्टम से निकालते थे पैसा

Faridabad: फरीदाबाद और पलवल में ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। गिरोह के सदस्‍य लोगों के अंगूठे का क्लोन बनाकर आधार इनेबल पेमेंट सिस्टम से पैसे निकाल लेते थे। यह गिरोह लंबे समय से इस तरह की वारदात को अंजाम दे रहा था। गिरोह के एक सदस्‍य ने हाल ही में इसी तरह एक महिला के खाते से 2.09 लाख रुपये निकाल लिए। जिसके बाद जांच में जुटी क्राइम टीम ने जब एक आरोपी को दबोचा तो पूछताछ में पूरे गिरोह का खुलासा हुआ। हालांकि गिरोह के बाकि सदस्‍य अभी भी फरार हैं। जिनकी तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हैं। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ करने में जुटी है।

पलवल के दुधौला की रहने वाली सुनीता नामक एक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि, वह बीते 2 नवंबर को ग्रामीण बैंक में पैसे निकालने गई थी। वहां पर पता चला कि, अगस्त माह में उसके खाते से 2 लाख 9 हजार 140 रुपये किसी ने निकाल लिए। महिला ने बताया कि, न तो मैं एटीएम यूज करती हूं और न ही मेरे पास मोबाइल है। जिसकी वजह से पैसे की निकासी के बारे में पता नहीं चल पाया। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पूछताछ में आरोपी ने खोले कई राज

इस जांच में पुलिस को पता चला कि, यह ठगी आधार इनेबल पेमेंट सिस्टम के जरिए की गई है। आरोपियों ने यूजर आईडी के माध्‍यम से रुपये ट्रांसफर दूसरे बैंक अकाउंटों में किए। इसके लिए गलत नामों से यूजर आईडी बनवाकर पैसों की निकासी की गई। बैंक खातों की जांच करते हुए पुलिस ने एक आरोपी की पहचान कर उसे फरीदाबाद से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान फरीदाबाद के रहने वाले विनोद के तौर पर की गई। पुलिस ने जब इस आरोपी से पूछताछ की तो पता चला यह एक बड़े गिरोह का हिस्‍सा है। यह गिरोह फरीदाबाद और पलवल में इस तरह की साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम देता है और अब तक कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। आरोपी ने पूछताछ में अपने कई साथियों की जानकारी भी दी है। पुलिस टीमें अब बाकि आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article