Faridabad: फरीदाबाद को देश के सबसे प्रदूषित शहरों में गिना जाता है। इस शहर को प्रदूषण मुक्त करने के लिए नगर निगम बड़ी कार्रवाई करने जा रहा है। निगम अब शहर के सात सबसे प्रमुख प्रदूषित जगहों को हरियाली में तब्दील करने जा रहा है। इसकी कार्ययोजना तैयार हो गई है, इस पूरे कार्य पर निगम करीब 52 लाख रुपये खर्च करेगा। अधिकारियों के अनुसार पौधे लगाने और तार फेंसिंग के लिए टेंडरिंग प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही धरातल पर भी कार्य शुरू कर दिया जाएगा। आने वाले कुछ सालों में इस हरियाली का असर शहर में दिखने लगेगा।
बता दें कि फरीदाबाद अभी गंभीर प्रदूषण की समस्या से जूझ रहा है। इस प्रदूषण को कम करने के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और नगर निगम द्वारा लगातार सड़कों पर एंटी स्मॉग गन व टैंकरों से पानी का छिड़काव जैसे कार्य किए जा रहे हैं। इसके अलावा प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों और फैक्ट्रियों पर भी शिकंजा कसा जा रहा है। हालांकि इन तमाम प्रयासों के बाद भी शहर में वायु प्रदूषण गंभीर समस्या बना हुआ है। इससे निजात दिलाने के लिए नगर निगम व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने हाल में शहर के अंदर एक सर्वे कर प्रदूषण वाली सात ऐसी जगहों की पहचान की थी, जहां पर हमेशा खुले में कचरा और गंदगी फैली रहती है। जिसके बाद इन जगहों को हरियाली में तब्दील करने की योजना बनाई गई।
