उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जहां एक एक प्राइवेट डबल डेकर बस राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 40 यात्री घायल हो गए। घायलों में एक गर्भवती महिला भी शामिल है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
आईटीआई चौराहे के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, यह हादसा इटावा शहर क्षेत्र से गुजरने वाले नेशनल हाईवे पर ITI चौराहे के पास हुआ। तेज रफ्तार बस अचानक बेकाबू हो गई और सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
ड्राइवर और कंडक्टर की मौके पर मौत
इस हादसे में बस के ड्राइवर और कंडक्टर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए। साथ ही पुलिस को भी सूचना दी गई।
40 यात्री घायल, अस्पताल में इलाज जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीमें मौके पर पहुंचीं। हादसे में बस में सवार करीब 40 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में एक गर्भवती महिला भी शामिल बताई जा रही है, जिसका इलाज जारी है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - सोनीपत में भीषण अग्निकांड, तीन फैक्ट्रियों में लगी आग; केमिकल ड्रमों में हुए कई धमाके
बनारस से दिल्ली जा रही थी बस
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह प्राइवेट डबल डेकर बस बनारस से दिल्ली जा रही थी। तभी रास्ते में आईटीआई चौराहे के पास खड़े ट्रक से टकराने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि हादसे की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
