शहर

बर्फबारी के बीच बुलडोजर पर होकर सवार, अस्पताल पहुंचे डॉक्टर साहब

जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में तैनात एक डॉक्टर ने भारी बर्फबारी के बीच कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की। कमर तक जमी बर्फ और बंद सड़कें भी उन्हें अस्पताल पहुंचने से रोक नहीं पाईं। जेसीबी पर सवार होकर हॉस्पिटल पहुंचे और दिनभर में 10 मरीजों की सर्जरी भी की।

Image

सांकेतिक फोटो (AI Image)

JK News: जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में तैनात एक डॉक्टर ने यह साबित कर दिया कि कर्तव्यबोध के आगे प्रकृति की कठोर चुनौतियां भी छोटी पड़ जाती हैं। मंगलवार को भारी बर्फबारी और कमर तक जमी बर्फ के बीच वह खुदाई मशीन (जेसीबी) पर सवार होकर अस्पताल पहुंचे और मरीजों का इलाज किया। दक्षिण कश्मीर के पुलवामा निवासी और वर्तमान में श्रीनगर में रह रहे डॉ. बशरत पंडित शोपियां के जिला अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ के रूप में तैनात हैं।

अस्पताल पहुंचने के लिए तीन घंटे चले पैदल

डॉ. पंडित मंगलवार सुबह करीब साढ़े सात बजे घर से निकले और उन्हें अस्पताल तक पहुंचने के लिए लगभग 55 किलोमीटर की दूरी तय करनी थी। श्रीनगर और आसपास के इलाकों में जहां हल्की बर्फबारी हो रही थी, वहीं दक्षिण कश्मीर में हालात काफी खराब थे। शोपियां में तीन से चार फुट तक ताजा बर्फ जमी हुई थी। शोपियां पहुंचने पर उनकी कार बर्फ में फंस गई, जिसके बाद अस्पताल पहुंचने के लिए उन्हें करीब तीन किलोमीटर पैदल चलना पड़ा।

डॉ. पंडित ने फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “सुबह का समय था और ज्यादातर सड़कें साफ नहीं हुई थीं। मैं पैदल चल ही रहा था कि तभी एक जेसीबी आई, तो मैं उस पर सवार हो गया।” उन्होंने बताया कि खुदाई मशीन (एक्सकेवेटर) की मदद से वह सुबह करीब साढ़े दस बजे अस्पताल पहुंचे। डॉ. पंडित ने कहा, “यह जिम्मेदारी और कर्तव्य की भावना थी। खासकर गर्भवती महिलाओं के प्रति मेरी जिम्मेदारी, जिन्हें अन्यथा गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता था।” उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं के लिए किसी भी कीमत पर अस्पताल पहुंचना जरूरी था क्योंकि कई सर्जरी करनी थीं।

डॉ. पंडित के अनुसार, “कई मरीज पहले से सर्जरी के लिए कतार में थीं और कुछ आपात स्थिति के मामले भी थे। इतनी भारी बर्फबारी में मरीजों को अन्य अस्पतालों में रेफर करना मुश्किल हो जाता।” उन्होंने बताया कि उनके विभाग ने दिन भर में 10 सर्जरी कीं और सभी मरीजों की हालत स्थिर है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें