शहर

Diwali 2025: दीयों की रोशनी से सजा देश का कोना-कोना; जगमगाईं इमारतें, शहरों से लेकर सीमाओं तक उत्साह और उमंग का सैलाब

Diwali 2025: देशभर में आज 20 अक्तूबर 2025 को दीवाली का पर्व बड़े उत्साह और धूमधाम से मनाया गया। रोशनी से नहाए शहर, सजे बाजार और आसमान में चमकती आतिशबाजी ने माहौल को रोशन कर दिया। हर कोने में दीयों की जगमगाहट और भक्ति के रंगों ने इस त्योहार को खास बना दिया।

Image

भारत में दिवाली 2025 का जश्न (फोटो: एएनआई)

Photo : ANI

Diwali 2025 Celebrations in India: देशभर में आज 20 अक्तूबर, सोमवार को रोशनी के पर्व दीवाली की धूम देखने को मिली। सुबह से ही त्योहार का उल्लास चारों ओर छाया रहा। बाजारों में रौनक, घरों में सजावट और आसमान में आतिशबाजी की चमक ने देश को रोशन कर दिया। हर शहर में दीयों और रंग-बिरंगी लाइटों की जगमगाहट ने माहौल को और भी खास बना दिया।

राजधानी दिल्ली समेत लखनऊ, जयपुर में सरकारी इमारतों से लेकर घरों तक दीपों और लाइटों से सजावट की गई। लोगों ने पटाखे जलाकर और माता लक्ष्मी की पूजा करके खुशियां मनाईं। वहीं लखनऊ में भक्तों ने देवी लक्ष्मी की आराधना की और दीप जलाकर घरों को प्रकाशित किया। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भी रंगीन लाइटों से खूबसूरत सजावट की गई।

मुंबई से लेकर कोलकाता तक उत्साह

मुंबई का शिवाजी पार्क दीवाली की रात रंगीन लाइटों से नहा उठा। देश के हर शहर में लोगों ने गणेश-लक्ष्मी की पूजा, आतिशबाजी और सजावट के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। कोलकाता में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कालीघाट मंदिर में मां काली की पूजा कर दीवाली मनाई।

वहीं चेन्नई में भाजपा नेता तमिलिसाई सुंदरराजन ने अपने आवास पर कार्यकर्ताओं संग पटाखे फोड़े और जश्न मनाया। राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने भी अपने परिवार के साथ लक्ष्मी पूजा की। वहीं, गुवाहाटी में लोगों ने दीये जलाकर प्रसिद्ध गायक जुबीन गर्ग को श्रद्धांजलि दी।

देश के जवानों ने ऐसे मनाया त्योहार

जम्मू-कश्मीर के कठुआ के बानी में तैनात भारतीय सेना के जवानों ने अपने प्रियजनों से दूर दीये और फुलझड़ियां जलाकर दिवाली मनाई। सीमा पर तैनात बीएसएफ (BSF) के जवानों ने भारत-बांग्लादेश सीमा के फुलबाड़ी क्षेत्र में मंदिर में पूजा कर और दीये जलाकर दीवाली का त्योहार मनाया। कांस्टेबल दिव्या ठाकुर ने बताया, “हम सीमा की सुरक्षा करते हुए भी त्योहार पूरे उत्साह से मनाते हैं। हमने दीये जलाए, मिठाइयां बांटी और सभी को शुभकामनाएं दीं। यहां के लोग भी हमारे परिवार जैसे हैं, इसलिए हम सब मिलकर जश्न मनाते हैं।” पंजाब और हरियाणा में भी सोमवार को लोगों ने दीवाली का त्योहार हर्ष और उमंग के साथ मनाया।

मंदिरों और गुरुद्वारों में श्रद्धालुओं उमड़ी भीड़

मंदिरों और गुरुद्वारों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही, जबकि बाजारों में खरीदारी करने वालों की लंबी कतारें नजर आईं। घरों में दीये, मोमबत्तियां और बिजली की लाइटें चारों ओर चमक रही थीं। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाइयां और उपहार देकर त्योहार की बधाई दी।

प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए थे, विशेषकर धार्मिक स्थलों, बाजारों और प्रमुख इमारतों के आसपास। इस अवसर पर पंजाब और हरियाणा के राज्यपालों और मुख्यमंत्रियों ने लोगों को दीवाली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article