दक्षिण भारत में दिखेगा दितवाह साइक्लोन का असर (सांकेतिक तस्वीर)
Cyclone Ditwah Update: बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान डिटवाह अब उत्तरी तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों की ओर तेजी से बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार को अपने अपडेट में कहा कि तूफान वर्तमान में पुडुचेरी से लगभग 480 किमी दक्षिण-दक्षिणपूर्व और चेन्नई से 580 किमी दक्षिण-दक्षिणपूर्व में स्थित है। IMD के अनुसार यह सिस्टम पिछले छह घंटों में 8 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ा और श्रीलंका के तट के पास केंद्रित रहा। चक्रवात 30 नवंबर की सुबह तक उत्तरी तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तटों के नजदीक बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में पहुंच सकता है।
चेन्नई स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (RMC) ने चक्रवात के प्रभाव को देखते हुए कावेरी डेल्टा के चार जिलों, तंजावुर, तिरुवरूर, नागपट्टिनम और मायिलादुथुराई में 30 नवंबर तक रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 24 घंटे में 20 सेमी से अधिक की अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा चेन्नई, तिरुवल्लूर, कांचीपुरम, रानीपेट और चेंगलपट्टू में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां 11 से 20 सेमी तक की बहुत भारी बारिश हो सकती है।
RMC निदेशक बी. अमुधा ने बताया कि फिलहाल डिटवाह के एक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना कम है। उन्होंने कहा कि तूफान केंद्र के आसपास 60-80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जो 90 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। इसके बाहरी हिस्सों में 35-45 किमी प्रति घंटे की हवाएं चलने का अनुमान है।
IMD ने मछुआरों को अगले पांच दिनों तक दक्षिण, दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-पूर्व और मध्य बंगाल की खाड़ी में न जाने की सख्त सलाह दी है। अरब सागर से सटे केरल, लक्षद्वीप और मालदीव के तटीय क्षेत्रों में भी 35–45 किमी प्रति घंटे की तेज हवा चलने की संभावना है। इस बीच, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के साथ बैठक कर तैयारी और राहत कार्यों की समीक्षा की।
चक्रवात डिटवाह का असर आंध्र प्रदेश पर भी दिख सकता है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, शनिवार से तीन दिनों तक दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश (SCAP) और रायलसीमा के कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। चित्तूर, तिरुपति, नेल्लोर, प्रकाशम, वाईएसआर कडप्पा, अन्नामय्या और श्री सत्य साई जिलों में 29 नवंबर से अगले दो दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। तूफान डिटवाह के अगले 48 घंटों में तटीय क्षेत्रों में मौसम को अत्यधिक प्रभावित करने की आशंका है। प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने और मौसम अपडेट पर निगरानी बनाए रखने की अपील की है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से। - Updated