Delhi-NCR Weather Today: दिल्ली-एनसीआर में मानसून एक्टिव हो गया है। आज राजधानी में सुबह की शुरुआत बारिश के साथ हुई। इस दौरान कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश देखने को मिल रही है। जिसके कारण मौसम पूरी तरह से बदल गया है। सुबह-सुबह हुई बरसात ने जहां उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत दिलाई है, वहीं कामकाजी लोगों और दफ्तर जाने वालों के लिए यह बारिश आफत बन सकती है। लोगों को आज ऑफिस जाते समय ट्रैफिक जाम की समस्या का भी सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने दिनभर बारिश की संभावना जताई है, ऐसे में घर से बाहर जाने से पहले छाता-रेनकोट लेकर ही निकलें।
दिल्ली में आज दिनभर बारिश का अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में बुधवार तड़के से ही कहीं बूंदाबांदी तो कहीं हल्की बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने दिनभर रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। कहीं-कहीं हवाओं की रफ्तार 50 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने आज बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है।
दिल्ली में मानसून ने पकड़ी रफ्तार!
दिल्ली में मानसून ने आखिरकार रफ्तार पकड़ ली है। 2 जुलाई को इसके आगमन के बावजूद राजधानी में बारिश की कमी देखने को मिल रही थी। इस दौरान आसमान में बादल तो छाए हुए थे, लेकिन बेहद कम हो रही थी। साथ ही हवा में नमी भी अधिक बनी हुई थी। जिस कारण लोगों को भीषण उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा था। लेकिन मंगलवार दोपहर अचानक मौसम बदल गया और कई इलाको में झमाझम बारिश हुई। देर रात तक रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहा, जो आज सुबह भी देखने को मिल रहा है। बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव भी देखने को मिल रहा है।
दिल्ली के इन रास्तों पर जाम लगने की आशंका
सुबह-सुबह हुई इस बारिश का सबसे ज्यादा असर दफ्तर जाने वाले लोगों पर पड़ने की आशंका है। बारिश के बाद कई जगहों पर जलभराव और विजिबिलिटी कम होने के कारण सड़कों पर गाड़ियों की रफ्तार भी धीमी पड़ सकती है। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम को जोड़ने वाले प्रमुख रास्तों और हाईवे पर गाड़ियां रेंगती हुई नजर आ सकती हैं। खासतौर पर आईटीओ (ITO), धौला कुआं, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, गुरुग्राम-दिल्ली बॉर्डर और आनंद विहार जैसे व्यस्त रूटों पर जलभराव के कारण भारी ट्रैफिक जाम झेलना पड़ सकता है। ऐसे में आज यात्रा का समय थोड़ा बढ़ाकर घर से निकलना ही समझदारी होगी।
