Delhi Ka Mausam (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 14 December-2025: दिल्ली-एनसीआर के लोग घने कोहरे और प्रदूषण की मार झेल रहे हैं। एक तरफ एयर क्वालिटी में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। वहीं दूसरी ओर घने कोहरे और धुंध के चलते सुबह के समय विजिबिलिटी काफी घट गई है। जिसके कारण सड़कों पर वाहन रेंग रहे हैं। एनसीआर में शनिवार को इस सीजन का पहला घना कोहरा देखने को मिला। भले ही अब घने कोहरे का दौर शुरू हो चुका है। लेकिन राजधानी में ठंड का एहसास कम हो गया है। शनिवार को सुबह दिल्ली का पारा 11.6 डिग्री तक पहुंच गया। आइए जानते हैं कि आज दिल्ली का मौसम कैसा रहने वाला है:
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली में आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं। हालांकि बारिश होने की कोई संभावना नहीं है। आज सुबह दिल्ली घने कोहरे की चादर में लिपटी नजर आई। कोहरे के कारण इंडिया गेट भी सुबह नजर नहीं आ रहा था। लोग धुंध और कोहरे के बीच ही कर्तव्य पथ पर मॉर्निंग वॉक करते दिखाई दिए। रात के समय भी घना कोहरा छाने की संभावना जताई जा रही है। आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान आज सुबह 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
दिल्ली में अगले 4 दिन मौसम का हाल
दिल्ली में अगले 4 दिन तक मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है। सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है। साथ ही प्रदूषण के चलते धुंध की मोटी परत भी छाने की संभावना है। 15 से 18 दिसंबर के दौरान दिल्ली का अधिकतम तापमान में 24 से 25 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। वहीं न्यूनतम तापमान 8 से 9 डिग्री के बीच रह सकता है।
दिल्ली में 500 के पास पहुंचा AQI
दिल्ली-एनसीआर में हवा खतरनाक हो गई है। दो दिन में एयर क्वालिटी में तेजी से गिरावट देखने को मिली है। आज सुबह 6 बजे दिल्ली का औसत एक्यूआई 462 दर्ज किया गया। इस दौरान रोहिणी का एक्यूआई 499 रहा। इसके अलावा जहांगीरपुरी, आनंद विहार समेत कई इलाकों में एक्यूआई 500 के करीब दर्ज हुई। शनिवार को दिल्ली में ग्रैप-3 के प्रतिबंध लागू किए गए। जिसे बाद में ग्रैप-4 में बदल दिया गया।
