शहर

IGI एयरपोर्ट पर हाईटेक निगरानी, ट्रैफिक हुआ स्मार्ट; रेड लाइट तोड़ी तो सीधे कटेगा चालान

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने IGI एयरपोर्ट के आसपास बढ़ते ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए नई टेक्नोलॉजी का सहारा लिया है। साथ ही कुछ सख्त कदम भी उठाए हैं। रेड लाइट जंप पर अब कैमरों से चालान कटेगा। साथ ही ANPR तकनीक से नो-पार्किंग पर कार्रवाई की जाएगी। अवैध टैक्सी और अतिक्रमण पर भी सख्ती बढ़ी है, जिससे ट्रैफिक सुचारु रूप से चलता रहे।

Image

IGI एयरपोर्ट के पास ट्रैफिक पर सख्ती, हाईटेक निगरानी शुरू

दिल्ली में गर्मियों और छुट्टियों का सीजन आते ही हवाई सफर करने वालों की संख्या तेजी से बढ़ने वाली है। इसी को ध्यान में रखते हुए IGI एयरपोर्ट इलाके में ट्रैफिक को सुचारु बनाए रखने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कई बड़े कदम उठाए हैं। ट्रैफिक पुलिस ने एयरपोर्ट के आसपास रेड लाइट जम्प करने वालों पर सख्ती शुरू कर दी है। NSG रेड लाइट जंक्शन पर खास कैमरे लगाए गए हैं, जो रेड सिग्नल तोड़ने वाले वाहनों को खुद पकड़ लेते हैं। इसके बाद चालान सीधे ऑनलाइन जारी किया जाता है। इससे लोगों में ट्रैफिक नियमों का पालन करने की आदत बढ़ेगी और हादसों में भी कमी आएगी।

नो-पार्किंग को लेकर ट्रैफिक पुलिस सख्त

यात्रियों की सुविधा के लिए इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले बोर्ड (VMS) भी लगाए गए हैं। इन बोर्ड्स के जरिए लोगों को रियल टाइम ट्रैफिक अपडेट, रोड सेफ्टी मैसेज और इंतजार का समय जैसी जरूरी जानकारी मिलती रहती है। इससे ड्राइवरों को पहले से अंदाजा हो जाता है कि आगे रास्ता कैसा रहेगा। नो-पार्किंग को लेकर भी पुलिस सख्त नजर आ रही है। इस साल अब तक हजारों ई-चालान काटे जा चुके हैं और सैकड़ों गाड़ियों को क्रेन से उठाया गया है। एयरपोर्ट के अलग-अलग हिस्सों में ANPR कैमरे लगाए गए हैं, जो गलत जगह खड़ी गाड़ियों की पहचान कर अपने आप चालान जारी कर देते हैं। पुलिस ने साफ कहा है कि लोग सिर्फ तय पार्किंग में ही गाड़ी खड़ी करें, नहीं तो चालान से बचना मुश्किल होगा।

एयरपोर्ट पर दलालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई

एयरपोर्ट पर दलालों (टाउट्स) के खिलाफ भी कार्रवाई तेज कर दी गई है। ऐसे लोग यात्रियों को बहला-फुसलाकर अवैध टैक्सियों में बैठाते हैं और उनसे ज्यादा पैसे वसूलते हैं। पुलिस ने ऐसे कई लोगों पर चालान किया है और गाड़ियां भी जब्त की हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे सिर्फ अधिकृत टैक्सी स्टैंड या भरोसेमंद मोबाइल ऐप से ही कैब बुक करें।

सड़क किनारे अवैध रेहड़ी पर भी एक्शन

इसके साथ ही, अवैध कब्जों के खिलाफ भी अभियान चलाया गया है। सड़क किनारे गैर-लाइसेंसी ठेलों को हटाया गया है ताकि ट्रैफिक में कोई रुकावट न हो। कुल मिलाकर, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि इन सभी कदमों का मकसद एयरपोर्ट के आसपास ट्रैफिक को सुरक्षित और आसान बनाना है, ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो।

Mohit Om
मोहित ओमauthor

जनमानस की खबर को पाठकों तक पहुंचाना ही एकमात्र लक्ष्य। एक दशक से ज्यादा पत्रकारिता का अनुभव। अपराध के पीछे की साजिश को बेपर्दा करने वाली हर खबर पर पैनी निगाह रखता हूँ।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें