शहर

कपूरथला जेल बना रणक्षेत्र! कैदियों ने बैरक की दीवारें तोड़ीं, आग लगाने की कोशिश

पंजाब की कपूरथला जेल में शनिवार देर रात कैदियों और विचाराधीन कैदियों के बीच हिंसक झड़प देखने को मिली। इस दौरान कुछ कैदियों ने जेल में तोड़फोड़ और आगजनी की कोशिश भी की। पुलिस और जेल प्रशासन ने कड़ी मशक्कत के बाद हालात काबू किए।

Image

कपूरथला जेल हिंसा से मचा हड़कंप

पंजाब की कपूरथला जेल में शनिवार देर रात अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला, जब जेल परिसर अचानक हिंसा का अखाड़ा बन गया। बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत एक मामूली कहासुनी से हुई थी, लेकिन देखते ही देखते मामला इतना ज्यादा बढ़ गया कि कैदियों और विचाराधीन कैदियों के बीच खूनी झड़प शुरू हो गई। हालात इतने बिगड़ गए कि गुस्साए कैदियों ने जेल की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया।

कैदियों ने बैरक में की तोड़फोड़

जानकारी के अनुसार, हिंसक हुए कैदियों ने बैरक नंबर-4 के अंदर की दीवारों को तोड़ दिया। उन्होंने जेल के एक हिस्से में आग लगाने की भी कोशिश की गई। अचानक भड़की हिंसा से जेल प्रशासन और वहां तैनात पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। इस दौरान सुरक्षा बलों ने हालात पर काबू पाने की कोशिश की। लेकिन कैदियों ने कथित तौर पर पुलिस और जेल कर्मियों पर भी हमला कर दिया।

कैदियों का आरोप - पुलिस ने चलाई गोलियां

घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर जेल परिसर में बुलाया गया। पुलिस टीम की कड़ी मशक्कत के बाद हालात को काबू में लाया जा सका। हालांकि इस पूरे घटनाक्रम के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। इस दौरान घटना से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें कैदी जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते दिखाई दे रहे हैं। कैदियों का दावा है कि पुलिस ने उनपर काबू पाने के लिए गोलियां चलाईं। हालांकि प्रशासन की तरफ से अभी तक इस दावे की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

इस घटना के बाद जेल परिसर के बाहर 5-6 एंबुलेंस की मौजूदगी भी देखी गई। जिससे आशंका जताई जा रही है कि झड़प के दौरान कई लोग घायल हुए हैं, हालांकि अभी तक इस संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है। फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं। हिंसा के पीछे की असली वजह और इसमें शामिल कैदियों की पहचान की जा रही है। घटना के बाद जेल परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article