शहर

Delhi Rain: बच गई सरकार की नाक! मिंटो ब्रिज अंडरपास में नहीं भरा पानी; बाकी दिल्ली में जगह-जगह जलभराव

दिल्ली में कल से हो रही मूसलाधार बारिश से कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है। हालांकि,हर साल डूबने वाला मिंटो रोड अंडरपास इस बार जलभराव से मुक्त है।

Image

बारिश से पानी-पानी हुई दिल्ली

Delhi Rain: दिल्ली में कल से लगातार बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटे से रुक-रुककर हो रही बारिश के बावजूद भी हर साल पानी भरने के लिए कुख्यात हो चुका मिंटो ब्रिज अंडरपास इस बार सूखा है। यानी इस ब्रिज के नीचे इस बार पानी नहीं भरा है, जबकि हर साल इसी ब्रिज के नीचे की तस्वीरें सरकार की जमकर किरकिरी करते थे। इसलिए इतनी बारिश के बावजूद मिंट्रो ब्रिज के नीचे पानी नहीं भरा है तो रेखा गुप्ता सरकार की एक उपलब्धि को सेलिब्रेट किया जाना चाहिए। कम से कम इस बार मिंटो ब्रिज के नीचे पानी भरने की तस्वीरें अखबार के फ्रंट पेज पर तो नहीं छपेंगी। हालांकि, संगम विहार से लेकर बुराड़ी, बदरपुर से लेकर पांडवनगर और गाजीपुर से लेकर महाराणा प्रताप ISBT तक लगभग पूरी दिल्ली में सड़कें तालाब बन गईं।

पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश कहां हुई?

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में उत्तर-पूर्वी दिल्ली के तुकमीरपुर-खजूरी क्षेत्र में 160 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा मयूर विहार में 103 मिमी, महरौली में 86 मिमी, लोधी रोड में 80 मिमी, रिज क्षेत्र में 78 मिमी और सफदरजंग में 73 MM बारिश रिकॉर्ड हुई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान दिल्ली-NCR के ज्यादातर हिस्सों में 100 से 200 MM तक भारी बारिश की संभावना जताई है।

दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में कितनी बारिश हुई?

दिल्ली का इलाकाबारिश MM में
तुकमीरपुर, खजूरी160
मयूर विहार103
महरौली86
पूसा83
लोदी रोड AWS83
लोदी रोड80
रिज78
सफदरजंग73
छतरपुर72
पालम63
नारायणा63
जनकपुरी62
आयानगर57
प्रगति मैदान50
नजफगढ़43
मुंगेशपुर41
झाड़ौदा कलां33
जाफरपुर6

लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने आज यानी गुरुवार 9 जुलाई की सुबह राजधानी की रफ्तार थाम दी। संगम विहार, बुराड़ी, बदरपुर, गाजीपुर की मुर्गा मंडी, पांडव नगर अंडरपास, श्मशान घाट के पास सर्विस रोड और आईएसबीटी फ्लाईओवर अंडरपास और कई अन्य इलाकों में सड़कों पर जलभराव हो गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

अक्षरधाम मंदिर के पास लगा भीषण ट्रैफिक जाम

NH-24 पर अक्षरधाम मंदिर के पास भी जलभराव के कारण लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिला। ट्रैफिक पुलिस ने प्रभावित स्थानों पर पुलिसकर्मियों को तैनात किया है। पानी निकासी का काम भी लगातार जारी है। लोगों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

गाजीपुर के पास NH24 पर जाम लगने के बाद दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि वाहन सेक्टर 62 से वसुंधरा की ओर मुड़ें और फिर बुध चौक होते हुए मोहन नगर के रास्ते सीमापुरी बॉर्डर से दिल्ली में एंट्री करें।

ईस्ट ऑफ कैलाश में गिरा विशाल पेड़

east of kailash tree fallen

उखड़ गया दशकों पुराना बड़ा पेड़

उधर, ईस्ट ऑफ कैलाश के राजा धीर सिंह मार्ग पर लगातार दूसरे दिन विशालकाय पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं। इस्कॉन मंदिर और नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट अस्पताल के पास करीब 600 मीटर की दूरी पर दो बड़े पेड़ सड़क पर गिर गए। पेड़ गिरने से यहां यातायात प्रभावित हुआ। यहां खड़ी एक कार भी पेड़ की चपेट में आ गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। मौके पर ट्रैफिक पुलिस और संबंधित विभागों की टीमों ने पहुंचकर रास्ता साफ कराया।

नाक की सवाल बने मिंटो ब्रिज अंडरपास में नहीं भरा पानी

मिंटो ब्रिज अंडरपास दिल्ली सरकार के लिए नाक का सवाल बना हुआ था। पिछले साल भी स्वयं PDW मंत्री परवेश वर्मा यहां मिंटो ब्रिज अंडरपास में पानी भरने के बाद तैनात रहे और अंडरपास का पानी निकालने की पूरी प्रक्रिया उन्होंने अपनी आंखों के सामने पूरी करवाई। सरकार इस बार नहीं चाहती थी कि यहां पानी भरे और सरकार की किरकिरी हो। यही कारण है कि मिंटो रोड अंडरपास से राहत भरी तस्वीर सामने आई। लगातार तेज बारिश के बावजूद यहां जलभराव नहीं हुआ और वाहनों की आवाजाही सामान्य बनी रही। दिल्ली सरकार, जल बोर्ड, पीडब्ल्यूडी और नगर निगम की टीमें संवेदनशील इलाकों में निगरानी और पानी निकासी के कार्य में लगातार जुटी हुई हैं, ताकि भारी बारिश के बावजूद राजधानी की यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें