दिल्ली पुलिस के ईस्ट जिले में पुलिसकर्मियों के हित में एक ऐसी पहल शुरू की गई है, जिसे विभाग के इतिहास की सबसे बड़ी कर्मचारी कल्याण योजनाओं में से एक माना जा रहा है। डीसीपी ईस्ट राजीव कुमार के निर्देशानुसार यह विशेष व्यवस्था तैयार की गई है, ताकि पुलिसकर्मियों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए बार-बार दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें समय पर मदद मिल सके। इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त-2 विपुल अनेजा ने विस्तृत आदेश जारी किया है।
अब ईस्ट जिले में तैनात पुलिसकर्मी और रिटायर हो चुके कर्मचारी अपनी नौकरी से जुड़ी किसी भी समस्या की शिकायत सीधे WhatsApp पर भेज सकेंगे। शिकायत मिलते ही उसी दिन संबंधित शाखा का अधिकारी या कर्मचारी शिकायतकर्ता से संपर्क करेगा और उसके समाधान की प्रक्रिया शुरू कर देगा। इतना ही नहीं, शिकायत की प्रगति की जानकारी भी समय-समय पर खुद विभाग की ओर से दी जाएगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें - दानपेटी से दस्तावेजों तक... राम मंदिर चंदा चोरी की जांच में क्या-क्या मिला? SIT इनवेस्टिगेशन की इनसाइड स्टोरी
इस व्यवस्था में सर्विस बुक, जीपीएफ, एनपीएस, मेडिकल बिल, पेंशन, वेतन, प्रमोशन, ट्रांसफर, सीनियरिटी, एमएसीपी, एलटीसी, लीव एनकैशमेंट, एरियर, अनुकंपा नियुक्ति, उच्च शिक्षा की अनुमति समेत लगभग सभी सेवा संबंधी मामलों को शामिल किया गया है। कोशिश यही रहेगी कि पुलिसकर्मी का काम बिना अनावश्यक भागदौड़ के जल्द से जल्द पूरा हो जाए।
इस पहल की सबसे खास बात यह है कि इसमें सिर्फ सरकारी काम ही नहीं, बल्कि पुलिसकर्मियों और उनके परिवार की खुशहाली का भी पूरा ध्यान रखा गया है। अगर कोई पुलिसकर्मी मानसिक तनाव, पारिवारिक परेशानी या किसी निजी समस्या से जूझ रहा है तो वह सीधे WhatsApp के जरिए अपनी बात वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा सकता है। उसकी बात पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञों की मदद भी उपलब्ध कराई जाएगी।
इतना ही नहीं, पुलिसकर्मियों के बच्चों की पढ़ाई, करियर, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और भविष्य को लेकर भी काउंसलिंग की व्यवस्था की गई है। यानी अब पुलिसकर्मियों को अपने बच्चों की शिक्षा और करियर को लेकर भी सही मार्गदर्शन मिल सकेगा।
क्या बोले डीसीपी ईस्ट राजीव कुमार
डीसीपी ईस्ट राजीव कुमार का मानना है कि पुलिसकर्मी दिन-रात जनता की सुरक्षा में लगे रहते हैं। ऐसे में अगर उनकी अपनी समस्याओं का समय पर समाधान हो और उनके परिवार को भी सहयोग मिले, तो उनका मनोबल और कार्यक्षमता दोनों बढ़ेंगे। इसी सोच के साथ उनके निर्देशानुसार यह नई व्यवस्था तैयार की गई है।अतिरिक्त डीसीपी-2 विपुल अनेजा द्वारा जारी आदेश में पुलिसकर्मियों से यह भी कहा गया है कि अगर उनके पास विभाग के कामकाज को बेहतर बनाने के लिए कोई नया सुझाव है तो वह भी WhatsApp के जरिए भेज सकते हैं। अच्छे सुझावों को अपनाने और प्रोत्साहित करने की भी व्यवस्था की गई है।
पुलिस महकमे में अक्सर ड्यूटी के भारी दबाव के कारण कर्मचारी अपनी निजी और विभागीय समस्याओं के समाधान के लिए समय नहीं निकाल पाते। ऐसे में यह नई व्यवस्था उनके लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है। माना जा रहा है कि अगर यह मॉडल सफल रहता है तो भविष्य में दिल्ली पुलिस के दूसरे जिलों में भी इसे लागू किया जा सकता है।
कुल मिलाकर, डीसीपी ईस्ट राजीव कुमार की पहल और अतिरिक्त डीसीपी-2 विपुल अनेजा द्वारा जारी यह आदेश दिल्ली पुलिस में कर्मचारी कल्याण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है, जिससे पुलिसकर्मियों के साथ-साथ उनके परिवारों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
