दिल्ली: शहदरा में दो भाइयों में संपत्ति को लेकर हुए झगड़े में 18 वर्षीय एक किशोर की मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये हैं। बुधवार को पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने मृतक की पहचान 18 साल के सुहान के तौर पर की है, वहीं घायलों की पहचान जगतपुरी क्षेत्र में शाही मस्जिद के पास राशिद बाजार में रहने वाले फैजान (19), निशा (42), इमरान(45) और शमशाद (28) के रुप में की है। पुलिस ने बताया कि मंगलवार को एक पीसीआर कॉल के माध्यम से दो भाइयों के बीच झगड़े की सूचना मिली थी। जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस ने पाया कि घायलों को डॉ हेडगेवार अस्पताल भेजा जा चुका था। प्रारंभिक जांच के दौरान, पुलिस ने पाया कि लड़ाई सईद अहमद के स्वामित्व वाली एक दुकान को लेकर हुई थी।
इनके बीच हुआ झगड़ा
पुलिस उपायुक्त (शाहदरा) सुरेंद्र चौधरी कहा, ''सैयद अहमद के छह बेटे हैं, जिनमें से चार हैं- इस्तिकार, जुल्फिकार, इमरान और शमशाद। सभी एक ही घर में रहते हैं। जुल्फिकार घर के पास ही वेल्डिंग की दुकान चलाता है। इमरान अपने भाइयों की मंजूरी से दुकान बेचना चाहता था, लेकिन जुल्फिकार ने आपत्ति जताई। जिसके बाद दोनों के बीच झगड़ा हुआ।
भाई ने भाई पर चाकू से किया हमला
डीसीपी ने कहा कि परिवार के अन्य सदस्यों के साथ ही जुल्फिकार और इमरान के बीच संपत्ति की लड़ाई काफी लंबे समय से चल रही थी।उन्होंने बताया कि जुल्फिकार और इमरान के बीच कहासुनी के बाद मामला मारपीट में तब्दील हो गया। चौधरी ने कहा कि जुल्फिकार और उसके बेटे मुर्शीद ने इमरान, उसकी पत्नी निशा और उसके बेटों फैजान, सुहान और जुल्फिकार के एक और भाई शमशाद पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में सुहान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी को अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने कहा कि मुर्शीद, जुल्फिकार और उसकी पत्नी शबाना के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। आगे की जांच जारी है।
(इनपुट -भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
