Monsoon in Delhi: दिल्ली में मानसून की राह देख रहे लोगों को इंतजार बढ़ गया है। अब मानसून की एंट्री के लिए लोगों को दो से तीन दिन और सब्र करना पड़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में सप्ताह के अंत तक मानसून दस्तक दे सकता है। फिलहाल दिल्ली के लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। आज भी राजधानी में ऐसा ही मौसम रहा। गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिल्ली में अब तक क्यों नहीं आया मानसून
दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक आर.के. जेनामणि ने बताया कि दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से आसमान में बादल छाए रहे हैं, लेकिन केवल हल्की-फुल्की बारिश ही देखने को मिली है। उन्होंने इसकी वजह बताते हुए कहा कि मानसूनी हवाएं निचले स्तर पर एक्टिव हैं, लेकिन अरावली पर्वत श्रृंखला की ऊंचाई की वजह से ये हवाएं दिल्ली तक नहीं पहुंच पा रही हैं। हालांकि दक्षिण-पूर्वी हवाओं के कारण राजधानी में नमी जरूर आ रही है, मगर एंटीसाइक्लोनिक सर्कुलेशन और वायुमंडलीय दबाव की स्थिति (रिज) के चलते मानसून का आगे नहीं पढ़ पा रहा है।
दिल्ली में कब आता है मानसून?
दिल्ली में आमतौर पर मानसून की एंट्री 27 जून के आसपास होती है। लेकिन पिछले कुछ सालों में मानसून का प्रवेश 25 जून से लेकर 13 जुलाई के बीच हुआ है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई है। इस दौरान हल्की बारिश भी हो सकती है। 28 जून को भी हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया गया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
