Waterfalls in Delhi: झरना, झील और पहाड़ देखने के लिए अब तक दिल्ली और उसके आसपास रहने वाले लोगों को हिमाचल प्रदेश या उत्तराखंड जाना पड़ता था। लेकिन अब उनको एक बड़ी खुशखबरी मिलने जा रही है । झरने, पहाड़ देखने के लिए अब सैकड़ों किलोमीटर का सफर तय करने की जरूरत नहीं है। अब दिल्ली के अंदर ही झरना, झील, और पहाड़ इन तीनों का लुफ्त दिल्ली एनसीआर वासी उठा सकेंगे। दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने दिल्ली के असोला भाटी माइंस में बनी नीली झील पर चार आर्टिफिशियल झरनों का उद्घाटन किया है।
कृत्रिम बनाए गए हैं झरने
इस मौके पर दिल्ली के उप राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने कहा आज दिल्ली की सरजमी पर एक नया इतिहास लिखा गया है। कभी किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी कि दिल्ली में भी वाटरफॉल देखे जा सकते हैं। आज यहां वाटरफॉल का उद्घाटन हुआ है और अब दिल्ली के लोगों को नैनीताल या अरुणाचल प्रदेश जाने की जरूरत नहीं है। वो यहां पर इसका लुफ्त उठा सकते हैं। यह प्रधानमंत्री जी का सपना था कि दिल्ली के अंदर कुछ ऐसी जगह बनाई जाए जहां लोगों को एंटरटेनमेंट के लिए एक स्थान मिल सके। आज हमने उस सपने को पूरा करने का काम किया है। मैं सभी डिपार्टमेंट से धन्यवाद करना चाहता हूं। जल्द ही इसे लोगों के लिए खोल दिया जाएगा और दिल्ली वासियों को एक नई चीज देखने को मिलेगी।

झरनों का दिल्ली के उप राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने किया उद्घाटन
कहां पर है स्थित
दरअसल पर्यावरण और वन विभाग के साथ मिलकर टेरिटोरियल आर्मी की ओर से इस जगह को विकसित किया जा रहा है। असोला भाटी माइंस को दिल्ली के इको-टूरिज्म हॉटस्पॉट के रूप में विकसित करने की प्रतिबद्धता के तहत जल्द और विकसित किया जाएगा। 4 कृत्रिम झरनों के पंप्स के लिए पूरी तरफ से सोलर पावर का इस्तेमाल किया गया है। इसके साथ-साथ यहां पर बकायदा सेल्फी प्वाइंट और साइकिल ट्रैक बनाया गया है। और बताया जा रहा है कि आने वाले समय में यहां पर खाने पीने की व्यवस्था भी की जाएगी। जिससे लोग वीकेंड पर पूरा लुफ्त उठा सकेंगे। या 1 दिन का अगर आप कहीं प्लान कर रहे हैं तो दिल्ली का असोला भाटी माइंस भी उसमें शामिल हो सकता है। टिकट लेकर लोग यहां पर आ सकते हैं। झील तक पहुंचने के लिए जल्द ही वाहन सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
