दिल्ली

Delhi Metro Corridor : दिल्ली मेट्रो को मिली बड़ी सौगात, बनेंगे 2 नए कॉरिडोर; जानिए किन इलाकों को मिलेगा फायदा

Delhi Metro Corridor: मोदी कैबिनेट ने दिल्ली मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण को मंजूरी दे दी है। ये दो कॉरिडोर- लाजपत नगर से साकेत में जी ब्लॉक और इंद्रलोक से इंद्रप्रस्थ होंगे।

Image

दिल्ली मेट्रो

Photo : ANI

Delhi Metro Corridor: केंद्रीय कैबिनेट ने दिल्ली वासियों को बड़ी सौगात दी है। बुधवार को पीएम मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने दिल्ली मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण को मंजूरी दे दी है। ये दो कॉरिडोर- लाजपत नगर से साकेत में जी ब्लॉक और इंद्रलोक से इंद्रप्रस्थ होंगे। दोनों कॉरिडोर की कुल लंबाई लगभग 20 किलोमीटर है। डीएमआरसी चौथे चरण के तहत इन कॉरिडोर का निर्माण करेगी।

इन इलाकों के लोगों को मिल सकता है फायदा

मोदी कैबिनेट ने 8,399 करोड़ रुपये की कुल परियोजना लागत पर दिल्ली मेट्रो चरण-IV परियोजनाओं के दो कॉरिडोर- लाजपत नगर से साकेत जी-ब्लॉक और इंद्रलोक से इंद्रप्रस्थ को मंजूरी दी है। लाजपत नगर से साकेत की ओर बनने वाले मेट्रो रूट से पुष्प विहार, डीएलएफ, चिराग दिल्ली, ग्रेटर कैलाश के लोगों को फायदा होगा। तो वहीं, इंद्रलोक से इंद्रप्रस्थ के बीच बनने वाली मेट्रो लाइन से आईटीओ, प्रगति मैदान, पहाड़गंज इलाकों के लोगों को फायदे की उम्मीद है।

2029 तक निर्माण पूरा होने की उम्मीद

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा आज दो नए मेट्रो कॉरिडोर को मंजूरी दी गई है, जिस पर 8400 करोड़ रुपये खर्च होंगे। लाजपत नगर से साकेत जी ब्लॉक तक करीब 8.4 किलोमीटर लंबी मेट्रो लाइन होगी। इसमें आठ स्टेशन होंगे। वहीं दूसरी ओर इंद्रलोक से इंद्रप्रस्थ तक, यह करीब 12.4 किलोमीटर की मेट्रो लाइन होगी। यह मार्च 2029 तक पूरी हो जाएगी।

इंटरचेंज की बड़ी सुविधा

इस परियोजना का वित्तपोषण केंद्र, दिल्ली सरकार और अंतरराष्ट्रीय वित्तपोषण एजेंसियों से किया जाएगा। ये दोनों गलियारे 20.762 किलोमीटर के हैं। इस प्रोजक्ट के तहत इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ गलियारा ग्रीन लाइन का विस्तार किया जाएगा और यही रेड, येलो, एयरपोर्ट लाइन, मैजेंटा, वॉयलेट और ब्लू लाइन के साथ जोड़ेगा। इससे इंटरचेंज कर सफर आसान हो सकेगा।वहीं, लाजपत नगर-साकेत जी ब्लॉक गलियारा सिल्वर, मैजेंटा, पिंक और वॉयलेट लाइन को जोड़ेगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article