दिल्ली

​Delhi: हर मोहल्ले में होगा आवारा कुत्तों पर नियंत्रण; जल्द शुरू होगा MCD का महाअभियान, 70% तक नसबंदी का लक्ष्य

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) 5 अगस्त से आवारा कुत्तों की नसबंदी और टीकाकरण के लिए एक विशेष महाभियान शुरू करने जा रही है। पहले चरण में 12 क्षेत्रों में पायलट प्रोजेक्ट चलाया जाएगा, जिसका लक्ष्य 70-80% कुत्तों की नसबंदी करना है। सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद एमसीडी इस दिशा में तेजी से कदम उठा रही है।

Image

आवारा कुत्तों के लिए टीकाकरण अभियान (सांकेतिक फोटो: iStock)

Photo : iStock

Delhi Dog Sterilization Campaign: दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने आवारा कुत्तों की नसबंदी और टीकाकरण के लिए एक व्यापक अभियान शुरू करने की योजना बनाई है, जो 5 अगस्त से लागू होगा। इस अभियान की शुरुआत एक माह के पायलट प्रोजेक्ट से की जाएगी, जो पहले चरण में 12 निर्वाचन क्षेत्रों में संचालित होगा। इस दौरान 70 से 80 प्रतिशत आवारा कुत्तों की नसबंदी का लक्ष्य रखा गया है।

यह पहल एमसीडी की स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा के निर्देश पर शुरू की जा रही है। समिति की पहली बैठक में प्रमुख सदस्य सुंदर सिंह तंवर ने बताया कि इस कार्य योजना को प्रभावी बनाने के लिए रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (आरडब्ल्यूए), पशुप्रेमियों और विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों (NGO) से सुझाव लिए जाएंगे। अगले सप्ताह एक और बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें एनजीओ प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाएगा।

केंद्र सरकार से सहयोग

श्रीनिवासपुरी वार्ड के पार्षद राजपाल सिंह ने जानकारी दी कि प्रत्येक 20 नसबंदी केंद्रों पर एक कुत्ता आश्रय भी स्थापित किया जाएगा, जहां आक्रामक प्रवृत्ति वाले कुत्तों को अस्थायी रूप से रखा जाएगा। हालांकि मौजूदा पशु जन्म नियंत्रण नियम 2023 के तहत किसी भी कुत्ते को 10 दिनों से अधिक समय तक रखने की अनुमति नहीं है, इसलिए इन नियमों में बदलाव के लिए केंद्र सरकार से सहयोग मांगा जाएगा। वर्ष 2022-23 में हुए एक सर्वेक्षण के अनुसार, दिल्ली में कुत्तों की कुल आबादी लगभग 10 लाख थी।

जल्द शुरू होगा अभियान

वर्ष 2023 में 4.68 लाख आवारा कुत्तों की नसबंदी की जा चुकी है। फिलहाल एमसीडी के पास 20 सक्रिय नसबंदी केंद्र हैं, जिन्हें 13 एनजीओ संचालित कर रहे हैं, और इनकी कुल क्षमता प्रतिदिन लगभग 10,000 कुत्तों की नसबंदी करने की है। गौरतलब है कि हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने कुत्तों के हमलों से जुड़े मामलों पर स्वतः संज्ञान लिया है, जिसके बाद एमसीडी ने इस मुद्दे पर सक्रियता दिखाते हुए यह अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article