दिल्ली

दिल्ली पर आफत: आज हल्की से मध्यम बारिश की संभावना, 15 जुलाई के लिए येलो अलर्ट जारी

  • Edited by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Jul 14, 2023, 06:59 AM IST

केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरुवार को कहा कि दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर स्थिर हो गया है और यह देर रात से कम होना शुरू हो जाएगा।

Image

Delhi Rain.

Photo : ANI

Delhi Rain: दिल्ली में बाढ़ जैसे हालात से फिलहाल राहत की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है जबकि 15 जुलाई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली के कुछ इलाकों में गुरुवार को हल्की बारिश हुई। लाजपत नगर, साकेत, मालवीय नगर, हौज खास और जंगपुरा जैसे इलाकों सहित मध्य और दक्षिणी दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई।

न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस

दिल्ली में न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री कम है। अधिकतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री कम 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार बृहस्पतिवार को 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 77 के साथ संतोषजनक श्रेणी में रहा। एक्यूआई, शून्य से 50 के बीच अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है।

दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर स्थिर

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार शाम 5.30 बजे सापेक्षिक आर्द्रता 74 प्रतिशत दर्ज की गई। इस बीच, दिल्ली में पिछले चार दिनों से यमुना नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरुवार को कहा कि दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर स्थिर हो गया है और यह आज रात से कम होना शुरू हो जाएगा। सीडब्ल्यूसी के बाढ़ निगरानी पोर्टल के मुताबिक, पुराने रेलवे पुल पर जलस्तर दोपहर एक बजे बढ़कर 208.62 मीटर हो गया था, जो शाम चार बजे तक स्थिर रहा।

आयोग के निदेशक शरद चंद्र ने बताया कि यमुना का जलस्तर स्थिर हो गया है और अगले चार घंटों में इसमें कमी आने लगेगी। शुक्रवार तड़के तीन बजे तक इसके घटकर 208.45 मीटर तक आने की उम्मीद है। दिल्ली में यमुना नदी के उफान पर आने के बाद कई इलाके जलमग्न हो गए। यमुना में जलस्तर में वृद्धि के कारण सार्वजनिक और निजी बुनियादी ढांचे सहित सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ और नदी के आसपास रहने वाले लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है।

सरकारी कार्यालय, स्कूल, कॉलेज रविवार तक बंद

यमुना नदी में पानी के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचने के मद्देनजर दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने दिल्ली में जरूरी सेवाएं देने वाले सरकारी कार्यालयों से इतर अन्य कार्यालय, स्कूल और कॉलेज रविवार तक बंद रखने के बृहस्पतिवार को निर्देश दिए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यमुना का पानी दिल्ली के कई इलाकों में फैल जाने के मद्देनजर राहत कार्य तेज कर दिये गये हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि शहर में निजी कार्यालयों को सलाह दी गई है कि वे कर्मचारियों को घरों से काम करने को कहें।

ये निर्णय गुरुवार को उप राज्यपाल सचिवालय में डीडीएमए की बैठक में लिए गए। बचाव कार्यों में प्रशासन की मदद के लिए दिल्ली में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के 12 दल तैनात किए गए हैं जिनके पास नौकाएं, रस्सी और अन्य उपकरण हैं। उप राज्यपाल वी के सक्सेना की अध्यक्षता में हुई डीडीएमए की बैठक में भाग लेने के बाद केजरीवाल ने कहा कि अब तक 20,000 से अधिक लोगों को राहत शिविरों में भेजा गया है। शहर में पेयजल की भी कमी हो गयी है क्योंकि दिल्ली सरकार ने यमुना का जलस्तर बढ़ने के कारण वजीराबाद, चंद्रावल और ओखला में तीन जल शोधन संयंत्रों को बंद करने का और आपूर्ति 25 प्रतिशत कम करने का फैसला किया है।

अधिकारियों ने बताया कि कश्मीरी गेट के आस-पास के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को रविवार तक बंद रखने के लिए कहा गया है। आईएसबीटी तक आने वाली बसें सिंघू बॉर्डर पर ही रुकेंगी और डीटीसी की बसें यात्रियों को वहां से लाएंगी। यमुना का जल स्तर बढ़ने से गुरुवार को दिल्ली सचिवालय में पानी भर गया, जहां मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उनके मंत्रिमंडल और अन्य वरिष्ठ नौकरशाहों के कार्यालय हैं। (भाषा इनपुट)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article