Delhi Floods Latest Update in Hindi: देश की राजधानी दिल्ली में जुलाई के शुरुआती हफ्ते में हुई बारिश के बाद कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात पनप गए। गुरुवार (13 जुलाई, 2023) को भी कई इलाकों से बेहद परेशान करने वाले नजारे आए। हालांकि, यह बात जरूर अच्छी रही कि शाम को दो घंटे में यमुना के जल स्तर में बढ़ोतरी नहीं हुई। रात आठ बजे भी यह 208.66 मीटर ही दर्ज किया, जबकि शाम छह और सात बजे भी यह 208.66 मीटर था।
इस बीच, केंद्रीय जल आयोग (सीडब्लूसी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर स्थिर हो गया है और यह आज रात से कम होना शुरू हो जाएगा। सीडब्ल्यूसी के निदेशक शरद चंद्र ने बताया कि हरियाणा में हथिनीकुंड बैराज पर जल प्रवाह की दर शाम चार बजे गिरकर 80,000 क्यूसेक हो गई।
इस बीच, आईएमडी ने दिल्ली में शुक्रवार को हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद जताई है, जबकि 15 जुलाई के लिए 'येलो' अलर्ट जारी किया है, जबकि दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने दिल्ली में जरूरी सेवाएं देने वाले सरकारी कार्यालयों से इतर अन्य कार्यालय, स्कूल और कॉलेज रविवार तक बंद रखने के निर्देश दिए।
यमुना में जलस्तर में वृद्धि के कारण सार्वजनिक और निजी बुनियादी ढांचे सहित सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ और नदी के आसपास रहने वाले लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है।
वहीं, मौजूदा हालात को ध्यान में रखते हुए शहर के शिक्षा निदेशालय (डीओई) के अधिकारियों ने जानकारी दी कि यमुना का जलस्तर बढ़ने के मद्देनजर दिल्ली में सभी सरकारी और निजी स्कूल 16 जुलाई तक बंद रहेंगे।
वैसे, इससे पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की एक विशेष बैठक के बाद स्कूलों को बंद करने की घोषणा की थी। यह बैठक उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना की अध्यक्षता में हुई।
उधर, जलस्तर सर्वाधिक ऊंचे स्तर पर पहुंचने के साथ ही बाढ़ का पानी घरों, स्वास्थ्य केंद्रों, श्मशान घाट और आश्रय गृहों में घुस जाने से सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ और लोगों के लिए परेशानियां बहुत बढ़ीं। यही नहीं, बाढ़ के बीच दिल्ली के सामने पेयजल की कमी की आशंका भी पैदा हो गई।
इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में बाढ़ जैसी स्थिति पर कांग्रेस की नेत्री सुप्रिया श्रीनेत ने समाचार एजेंसी पीटीआई से दो टूक कहा- यह मानव निर्मित संकट के चलते हुआ है। यह कोई प्राकृतिक आपदा नहीं है।
वह आगे बोलीं, "नालियां साफ़ नहीं हैं, जलस्रोतों पर कब्ज़ा हो गया है और जमीन पर अवैध कब्ज़ा है...दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कहां हैं? ऐसा लगता है कि जैसे उन्होंने गंभीरता से कहा था कि वह दिल्ली को झीलों की धरती बना देंगे।"
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
