Kanwar Yatra Delhi Route: सावन के पावन महीने में कांवड़ यात्रा पूरे उत्तर भारत में भक्ति और आस्था का उत्सव बन जाती है। इस दौरान दिल्ली से सटे इलाकों में कांवड़ियों की भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में उनकी सुरक्षित आवाजाही और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। दिल्ली यातायात पुलिस ने मंगलवार को कहा कि कांवड़ियों की सुचारू आवाजाही और जन सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 23 जुलाई तक कालिंदी कुंज और आसपास के इलाकों में यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
इन रास्तों पर यातायात होगा प्रभावित
न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार एक परामर्श में बताया गया कि आगामी दिनों में बड़ी संख्या में कांवड़ियों के नोएडा, कालिंदी कुंज और आगरा कैनाल रोड होते हुए फरीदाबाद, गुरुग्राम और राजस्थान की ओर जाने की संभावना है। आगरा कैनाल रोड (कालिंदी कुंज से बदरपुर की ओर) का आधा मार्ग बंद रहेगा और कालिंदी कुंज से नोएडा रोड का आधा मार्ग भी नियमित यातायात के लिए बंद रहेगा। यातायात पुलिस के अनुसार, यात्रा के दौरान इन हिस्सों पर भारी भीड़भाड़ रहने का अनुमान है।
इन रास्तों का करें इस्तेमाल
यात्रियों को देरी से बचने के लिए सलाह दी गई है कि वे नोएडा से दिल्ली जाने के लिए कालिंदी कुंज के बजाय डीएनडी फ्लाईवे या आश्रम मार्ग का इस्तेमाल करें। साथ आश्रम और डीएनडी के लिए बदरपुर होते हुए मथुरा रोड का उपयोग करें। परामर्श में कहा गया है कि एम्बुलेंस, अग्निशमन दल और पुलिस की गाड़ियों को प्रतिबंधित हिस्सों पर जाने की अनुमति होगी, लेकिन उन्हें सलाह दी गई है कि वे अत्यावश्यक ड्यूटी के अलावा अन्य स्थानों पर जाने से बचें।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
