दिल्ली

जौनापुर-मांडी रोड के ट्रैफिक जाम से मिलेगी मुक्ति; NHAI की पहल से 100 फीट चौड़ी होगी व्यस्त सड़क

दक्षिण दिल्ली की जौनापुर-मांडी रोड पर जाम की समस्या झेल रहे लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। यह व्यस्त मार्ग जल्द ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को सौंपा जाएगा, जिससे चौड़ीकरण की प्रक्रिया शुरू होगी। सड़क की चौड़ाई 100 फीट किए जाने की योजना है, जिससे क्षेत्रीय यातायात व्यवस्था को नया रूप मिलेगा।

Image

जौनापुर-मंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना (सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

दक्षिण दिल्ली के जौनापुर-मांडी रोड से जुड़े हजारों वाहन चालकों के लिए राहत की खबर है। यह व्यस्त सड़क जल्द ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को सौंपे जाने वाली है, जिसके बाद इसके चौड़ीकरण की प्रक्रिया शुरू होगी। फिलहाल सड़क की चौड़ाई मात्र 30 फीट है और रोजाना करीब 40,000 वाहन यहां से गुजरते हैं, जिससे खासकर सुबह और शाम के समय भारी जाम की स्थिति बन जाती है।

स्थानीय सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने यह मामला केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष उठाया था, जिनकी ओर से चौड़ीकरण को हरी झंडी मिल गई है। दिल्ली सरकार में लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा ने भी इसकी पुष्टि की है। योजना के अनुसार, सड़क को 100 फीट चौड़ा किया जाएगा, जबकि पहले इसका प्रस्ताव 200 फीट तक चौड़ा करने का था।

यह सड़क केवल दिल्ली के निवासियों ही नहीं, बल्कि हरियाणा के आस-पास के जिलों से आने-जाने वाले लगभग 20,000 लोगों के लिए भी महत्वपूर्ण है। चौड़ीकरण के लिए करीब 32 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जाना है, लेकिन क्षेत्र में घने पेड़ों की मौजूदगी के चलते प्रक्रिया अभी तक शुरू नहीं हो पाई है।

जल्द ही NHAI और संबंधित विभागों की एक अहम बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें अधिग्रहण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने पर चर्चा होगी। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस परियोजना से उन्हें आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी और आपातकालीन परिस्थितियों में अस्पताल तक पहुंचना भी आसान हो जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article