Delhi: धौलाकुआं से वेस्ट दिल्ली की तरफ आने-जाने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। आगामी 8 मार्च से जनकपुरी, मायापुरी इंडस्ट्रियल एरिया, लाजवंती गार्डन और वेस्ट दिल्ली की तरफ आनेजाने वालों को ट्रैफिक जाम की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। क्योंकि जनक सेतु फ्लाईओवर पर 8 मार्च से दोबारा ट्रैफिक का संचालन करने का प्लान तैयार कर लिया गया है। इस फ्लाईओवर पर हो रहा रिपेयर का कार्य लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन, इसपर लगी सीमेंट अभी तक सूखी नहीं है, इसमें करीब 15 दिन का समय लग सकता है। इसलिए अभी ट्रैफिक संचालन की अनुमति नहीं दी जा रही है।
बता दें कि जनक सेतु फ्लाईओवर पर रिपेयर का कार्य चल रहा था, जिसकी वजह से इस फ्लाईओवर का एक कैरिज-वे को करीब 23 दिनों से बंद रखा गया है। इस फ्लाईओवर का इस्तेमाल सेंट्रल दिल्ली से वेस्ट दिल्ली जाने वाले वाहन चालक करते हैं। इस वजह से जनक सेतु फ्लाईओवर पर हर समय हैवी ट्रैफिक होता है। इस ट्रैफिक लोड की वजह से इस फ्लाईओवर का एक पैनल बुरी तरह से डैमेज हो गया था। साथ ही फ्लाईओवर के कुछ अन्य हिस्सों को भी नुकसान पहुंचा था। इसे रिपेयर करने के लिए पीडब्ल्यूडी ने एक फरवरी से फ्लाईओवर के धौला कुआं से तिलक नगर जाने वाले को कैरिज-वे को बंद कर दिया था। मजबूरन वाहन चालकों को वेस्ट दिल्ली जाने के लिए दूसरे वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करना पड़ रहा है।
ट्रैफिक से सीमेंट हटने का खतरा
पीडब्ल्यूडी विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि फ्लाईओवर पर अब रिपेयरिंग का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। लेकिन, इस रिपेयरिंग के दौरान फ्लाईओवर पर जो सीमेंट लगाया गया है, उसे सूखने में अभी समय लगेगा। अगर इस फ्लाईओवर पर अभी ट्रैफिक शुरू कर दिया जाता है तो लगाया गया सीमेंट हट जाएगा और स्थिति पहले से भी ज्यादा खराब हो जाएगी। इस वजह से सीमेंट के पूरी तरह से सूखने के बाद ही यहां पर ट्रैफिक का संचालन किया जाएगा। फ्लाईओवर को खोलने के लिए अभी 8 मार्च की तारीख निर्धारित की गई है, लेकिन अंतिम अप्रूवल जांच के बाद ही दिया जाएगा। इस संबंध में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस को भी जानकारी दे दी गई है।देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
