दक्षिणी दिल्ली के लाजपत नगर में एक वकील, मनीष शर्मा, को हनी ट्रैप के जरिए फंसाकर तीन आरोपियों ने पार्क में बुलाया। इसके बाद उनकी पिटाई की और 50 हजार रुपये लूट लिए।
दिल्ली में भजनपुरा निवासी और जिला अदालत में वकील मनीष शर्मा ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उन्हें एक महीने पहले एक युवती ने व्हाट्सऐप कॉल की, जिसने अपना नाम श्रृष्टि बताया।
श्रृष्टि ने मनीष से एक केस के बारे में चर्चा की और उन्हें 7 जून को साकेत कोर्ट में मिलने के लिए बुलाया। मनीष ने उस दिन एक अन्य केस के सिलसिले में कोर्ट जाना था, इसलिए उन्होंने मिलने के लिए सहमति दी। जब वह साकेत कोर्ट पहुंचे, तो श्रृष्टि ने उन्हें लाजपत नगर के एक पार्क में आने के लिए कहा।
मनीष अपने क्लाइंट पंकज के साथ वहां पहुंचे, जहां श्रृष्टि ने उन्हें पार्क में चलने के लिए कहा। पार्क में पहुंचते ही श्रृष्टि के तीन साथी वहां आ गए और उन्होंने मनीष को पीछे से पकड़कर मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने मनीष से 50 हजार रुपये लूट लिए और जान से मारने की धमकी दी।
मनीष ने अपने क्लाइंट की मदद से पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
