Delhi Dhanteras Shopping 2025: धनतेरस के अवसर पर दिल्ली में बाजारों में भारी भीड़ और जोरदार खरीदारी देखने को मिली। इस दिन ज्वैलरी, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल, गिफ्ट आइटम्स, वाहन और होम फर्निशिंग जैसी चीजों की बिक्री में तेजी रही। व्यापारी संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) के चेयरमैन बृजेश गोयल के अनुसार, इस साल दिल्ली में धनतेरस के दिन लगभग 1 लाख करोड़ रुपये के कारोबार की संभावना है। धनतेरस का दिन धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है।
नई चीजें खरीदने का शुभ दिन
इस दिन भगवान सिद्धि विनायक, मां महालक्ष्मी और कुबेर जी की पूजा की जाती है। साथ ही नई वस्तुएं खरीदना शुभ माना जाता है, इसलिए इस अवसर पर लोग आभूषण, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य उपयोगी सामान बड़ी संख्या में खरीदते हैं। बाजारों में सोने-चांदी के आभूषण, डायमंड ज्वेलरी और आर्टिफिशियल ज्वेलरी की खास मांग रही। इसके अलावा, सोने-चांदी के सिक्के, नोट और मूर्तियां भी खरीदी गईं। व्यापारियों ने नए डिजाइन के गहनों और अन्य वस्तुओं का पर्याप्त स्टॉक तैयार रखा था, जिससे खरीदारी का उत्साह और बढ़ गया।
इन जगहों पर उमड़ी लोगों की भीड़
दिल्ली के प्रमुख बाजारों जैसे चांदनी चौक, दरीबा कलां, मालीवाड़ा, सदर बाजार, कमला नगर, अशोक विहार, मॉडल टाउन, शालीमार बाग, वजीरपुर, राजौरी गार्डन, साउथ एक्सटेंशन, ग्रेटर कैलाश, ग्रीन पार्क, यूसुफ सराय, लाजपत नगर, प्रीत विहार, शाहदरा और लक्ष्मी नगर में लोगों की भीड़ उमड़ी। सिर्फ ज्वैलरी ही नहीं, बल्कि गाड़ियां, मोबाइल, कपड़े, रेडीमेड गारमेंट, इलेक्ट्रॉनिक्स, होम फर्निशिंग, ड्राई फ्रूट्स और सजावटी सामान में भी ग्राहकों ने खरीदारी की। इस साल बाजारों में उत्सव का माहौल बन गया और व्यापारी इस अवसर का पूरा लाभ उठाने में सफल रहे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
