दिल्ली

मर्यादा तार तार, एमसीडी मेयर चुनाव में लात-घूंसे और ब्लेड,अब आरोप-प्रत्यारोप

  • Authored by: ललित राय
  • Updated Jan 7, 2023, 02:13 PM IST

दिल्ली के सिविक सेंटर में पार्षद मेयर के चुनाव के लिए जुटे हुए थे। लेकिन जो नजारा सामने आया उसे देखकर हर कोई हैरत में पड़ गया। आप और बीजेपी के पार्षदों में लात घूंसे चले, माइक को तोड़ दिया गया। कुर्सियों को फेंका गया और उसके बाद सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई है।

दिल्ली नगर निगम(mcd mayor election) को शुक्रवार को नया मेयर मिलने वाला था। आप, बीजेपी, कांग्रेस और निर्दलीय पार्षद सिविक सेंटर में दाखिल हुए। सभी ने अपनी अपनी जगह ग्रहण की। लेकिन आगे क्या होना है शायद यह भी पहले से तय था। मामला पार्षदों के शपथ से जुड़ा था कि आखिर शपथ पहले चुने हुए पार्षदों को दिलाई जाएगी या नामित पार्षदों को। झगड़े की शुरुआत इसी मुद्दे को लेकर हुई और उसके बाद का नजारा शर्मसार करने वाला रहा। पार्षद मर्यादा को भूल एक दूसरे पर लात घूंसे चलाने लगे। अब खबर यह भी है कि इस हंगामे में ब्लेड का भी इस्तेमाल हुआ। बीजेपी का कहना है कि उसके दो पार्षदों पर ब्लेड से हमला हुआ जिसमें हाथ पर कट के निशान आए। हालांकि आम आदमी पार्टी पूरे हंगामे के लिए बीजेपी को जिम्मेदार ठहरा रही है।

आप को था हार का डर

आप का कहना है कि अनैतिक तरीके से नगर निगम पर बीजेपी कब्जा करने की कोशिश कर रही है। जनमत का अपमान किया जा रहा है। नियम कानूनों की अनदेखी कर बीजेपी किसी तरह अपने मेयर को गद्दी पर आसीन कराना चाहती है। बीजेपी की मेयर उम्मीदवार रेखा गुप्ता ने क्या कहा, उनके मुताबिक आम आदमी पार्टी का हार का डर सता रहा था। उसकी वजह से उनके पार्षद पीठासीन अधिकारी के टेबल पर चढ़ गए माइक को तोड़ा, कुर्सियों को फेंकने लगे और पूरे माहौल अशांत कर दिया। यही नहीं कुछ आप पार्षद तो शराब पीकर सदन में दाखिल हुए थे।

पीठासीन अधिकारी ने क्या कहा

सदन की पीठासीन अधिकारी सत्या शर्मा ने कहा कि उन्होंने हर किसी से सदन की कार्यवाही में सहयोग की अपील की। लेकिन आप के पार्षद डेस्क पर चढ़ गए और हंगामा करने लगे। अगर सभी लोग शांति से बैठे रहे होते तो शपथ ग्रहण आसानी से संपन्न कराया जा सकता था। जिस तरह से आप पार्षद उदंड व्यवहार करते हुए नजर आए उससे आप समझ सकते हैं कि वो किस तरह से सदन को चलाएंगे। अगर सदन के अंदर गुंडागर्दी तो बाहर क्या करेंगे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

ललित राय
ललित रायauthor

खबरों को सटीक, तार्किक और विश्लेषण के अंदाज में पेश करना पेशा है। पिछले 10 वर्षों से डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव है।

और पढ़ें
End of Article