Delhi NCR Ka Mausam (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 18-September-2025: दिल्ली-NCR में बुधवार को घनघोर काले बादल छाए और झमाझम बारिश हुई, जिससे लोगों को चिलचिलाती धूप से कुछ राहत मिली लेकिन उमस बनी रही। बारिश से तापमान में गिरावट तो आई लेकिन नमी का स्तर बढ़ गया नतीजतन उमस भी बढ़ गई।
कल कैसा रहा था पारा
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा रहा। हवा में नमी का स्तर 53% से 98% के बीच दर्ज किया गया। दोपहर 2:30 बजे गर्मी का स्तर 41.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
आज और कल का मौसम
स्काईमेट वेदर के मुताबिक,गुरुवार की शाम और शु्क्रवार की सुबह दिल्ली-NCR के कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। बुधवार को नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई थी, जिससे रात का मौसम कुछ बेहतर रहा।
मानसून की विदाई जल्दी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का कहना है कि दक्षिण पश्चिम मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है। अनुमान है कि इस बार दिल्ली से मानसून 21 या 22 सितंबर तक विदाई ले लेगा।
अब कब होगी बारिश
गुरुवार और शुक्रवार को दिल्ली-NCR में हल्की से बहुत हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, 21 सितंबर के बाद से लेकर 29 सितंबर तक बारिश की संभावना नहीं है। इस दौरान 14 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून की विदाई के बाद भी बारिश हो सकती है, बशर्ते बादलों का बनना और पश्चिमी विक्षोभ का आना जारी रहे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
