दिल्ली

Delhi: ‘सेखों भारतीय वायुसेना मैराथन’ कल; कई मार्गों पर डायवर्जन लागू, जानें ट्रैफिक पुलिस की लेटेस्ट एडवाइजरी

दिल्ली में रविवार को आयोजित होने वाली ‘सेखों भारतीय वायुसेना मैराथन 2025’ के मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस ने राजधानी में कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंध और परिवर्तन लागू करने की घोषणा की है। यह मैराथन जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से शुरू होकर वहीं समाप्त होगी। प्रशासन ने लोगों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग सुझाते हुए सुचारू यातायात सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।

Image

सेखों इंडियन एयर फ़ोर्स मैराथन के बीच लेटेस्ट ट्रैफिक एडवाइजरी (फोटो: Sekhoniafmarathon.in)

Delhi Traffic Advisory: दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने रविवार को होने वाली ‘सेखों भारतीय वायुसेना मैराथन 2025’ को ध्यान में रखते हुए राजधानी में यातायात प्रतिबंधों और मार्ग परिवर्तनों के संबंध में परामर्श जारी किया है। यह मैराथन भारतीय वायुसेना द्वारा सशस्त्र बलों के जवानों और आम नागरिकों के लिए आयोजित की जा रही है। कार्यक्रम की शुरुआत जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से होगी और दौड़ यहीं आकर समाप्त होगी।

पुलिस के मुताबिक, हाफ मैराथन (21.097 किलोमीटर) का आरंभ सुबह 5:30 बजे होगा, जबकि 10 किलोमीटर की दौड़ सुबह 6:30 बजे और 5 किलोमीटर की दौड़ सुबह 7:30 बजे शुरू की जाएगी। इस आयोजन में 10,000 से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार, मैराथन के सुचारू संचालन के लिए सुबह 4:45 बजे से 10 बजे तक निर्धारित मार्गों पर यातायात नियंत्रित रहेगा, हालांकि इस अवधि में आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही पर कोई रोक नहीं होगी।

इन सड़कों पर यातायात बदलाव

भीष्म पितामह मार्ग, लोधी रोड, अरविंदो मार्ग, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, जनपथ, मथुरा रोड और राजेश पायलट मार्ग सहित कई प्रमुख सड़कों पर यातायात व्यवस्थाओं में बदलाव किया जाएगा। पुलिस के अनुसार, यात्रियों की सुविधा और संभावित असुविधा को कम करने के लिए अतिरिक्त ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती की जाएगी। साथ ही, दिल्ली यातायात पुलिस ने लोगों के लिए वैकल्पिक मार्गों की भी जानकारी जारी की है।

इन मार्गों को वैकल्पिक मार्गों के रूप में सुझाया गया

परामर्श के अनुसार, उत्तर-दक्षिण दिशा में यात्रा करने वालों के लिए रिंग रोड, आश्रम चौक, सराय काले खां, आईपी फ्लाईओवर, आईएसबीटी कश्मीरी गेट, धौलाकुआं, सरदार पटेल मार्ग, आरएमएल, बाबा खड़क सिंह मार्ग, कनॉट प्लेस, मिंटो रोड और जवाहरलाल नेहरू मार्ग को वैकल्पिक मार्गों के रूप में सुझाया गया है। वहीं, पूर्व-पश्चिम दिशा में आने-जाने वाले यात्रियों को डीएनडी फ्लाईओवर, बाबा बंदा सिंह बहादुर मार्ग, एम्स चौक, धौलाकुआं-नारायणा फ्लाईओवर, विकास मार्ग, आईटीओ, आउटर सर्कल (कनॉट प्लेस) और पंचकुइयां रोड का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

(इनपुट भाषा)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदी author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article