Delhi Trade Fair 2022: दिल्ली ट्रेड फेयर में झारखंड पवेलियन "वोकल फार लोकल, लोकल टू ग्लोबल" थीम के साथ आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। IITF के 41वें संस्करण में झारखंड के कलाकारों और कला को ना सिर्फ राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है, बल्कि इनकी कला को विदेशों में भी एक नया मंच देने की पहल मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के निर्देश में की गई है।
पूर्वी सिंहभूम के आमाडूबी गांव निवासी विजय चित्रकार का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में उनकी कला को बहुत आदर सम्मान मिल रहा है। राज्य के इस कलाकार का विश्वास है कि उनकी कला अब विश्व पटल पर अपनी पहचान बनाने में सक्षम होगा। मालूम हो कि व्यापार मेला में इस वर्ष झारखंड पार्टनर राज्य के रूप में अपनी भागीदारी निभा रहा है। 14 दिवसीय व्यापार मेले में लगभग 2,500 घरेलू और 12 अन्य देशों से आए विदेशी प्रतिनिधि अपने उत्पादों को प्रदर्शित कर रहे हैं।
सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की पहल
हाल ही में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने राज्य में सौर ऊर्जा के व्यापक विस्तार हेतु सौर ऊर्जा नीति 2022 लागू किया है, जिसके तहत सौर ऊर्जा से 4000 मेगावाट बिजली उत्पादन का लक्ष्य अगले पांच वर्षो में रखा गया है। जरेडा के स्टॉल में सौर ऊर्जा से चलने वाले झारखंड के गांवों का 3डी मॉडल के माध्यम से विकास का एक अनोखा चित्र दिखाया गया है। ताकि राज्य में सौर ऊर्जा के क्षेत्र में निवेश को आकर्षित किया जा सके।

झारखंड का स्टॉल
आदिवासी परिधानों की विशेष प्रस्तुति
झारखंड पवेलियन स्थित जोहर ग्राम स्टॉल में ट्राइबल परिधानों को एक नए रंग रूप में पेश किया गया है। इससे झारखंड के स्थानीय बुनकरों, ट्राइबल शिल्पकारों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शन करने का सुनहरा अवसर मिल रहा है। झारखंड के पारंपरिक आदिवासी जैकेट, शर्ट्स, टॉवल, गमछा, टोपी आदि को यहां प्रदर्शित किया गया है। जो ट्रेड फेयर में आने वालों के आकर्षण का केंद्र बन रहा है।

झारखंड का पवेलियन
पलाश ब्रांड की भी धमक
झारखंड पवेलियन में सखी मंडल की दीदियों द्वारा तैयार किये गए उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों की प्रदर्शनी भी आपने आप में अनूठी है। मुख्यमंत्री के सोच के अनुरूप पलाश ब्रांड को प्रोफेशनल ढंग से प्रस्तुत किया गया है। इसके अतिरिक्त खादी, झारक्राफ्ट, जरेडा, कृषि एवं वन विभाग का स्टॉल भी ट्रेड फेयर में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
