दिल्ली

दिल्ली में बढ़ती पॉवर डिमांड; परियोजनाओं को गति देने पर जोर, मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश

दिल्ली में बढ़ती बिजली की मांग ने पारेषण और वितरण अवसंरचना को विस्तार देने की आवश्यकता को उजागर किया है। इसी के तहत ऊर्जा मंत्री आशीष सूद ने अधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में 2029 तक की ऊर्जा क्षमता वृद्धि और भूमि अधिग्रहण से जुड़ी चुनौतियों पर भी चर्चा हुई।

Image

बिजली बुनियादी ढांचे के विस्तार की योजना (Photo: Canva)

Delhi Power Demand: दिल्ली में लगातार बढ़ रही बिजली की मांग को पूरा करने के लिए बिजली से जुड़े आधारभूत ढांचे का विस्तार एक बड़ी चुनौती बनकर उभरा है। इसी मुद्दे पर विचार करते हुए दिल्ली के ऊर्जा मंत्री आशीष सूद ने ऊर्जा सचिव और विभिन्न बिजली वितरण कंपनियों के अधिकारियों के साथ अहम बैठक की।

बैठक के दौरान ऊर्जा सचिव को निर्देश दिया गया कि वे बिजली के आधारभूत ढांचे के विस्तार के लिए एक व्यापक मास्टर प्लान तैयार करें। इस क्रम में दिल्ली ट्रांसको लिमिटेड (DTL) ने मार्च 2029 तक की प्रस्तावित ऊर्जा क्षमता वृद्धि योजना पेश की, जिसमें नए सबस्टेशनों की स्थापना और पुराने सबस्टेशनों के नवीनीकरण की रूपरेखा शामिल है।

इस योजना के तहत 2028-29 तक दिल्ली की कुल पारेषण क्षमता लगभग 24,000 मेगावॉट (एमवीए) तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि उस समय की संभावित मांग करीब 11,000 एमवीए मानी जा रही है। योजना में गोपालपुर और टिकरी खुर्द में दो नए सबस्टेशन स्थापित करने का प्रस्ताव है, जिनसे 4,000 एमवीए की अतिरिक्त क्षमता जोड़ी जाएगी। हालांकि, निविदा प्राप्त न होने के चलते यह परियोजना वर्ष 2022-23 से लंबित है।

इसके अलावा, टीपीडीडीएल, बीआरपीएल और बीवाईपीएल जैसी वितरण कंपनियों ने सबस्टेशनों और ट्रांसफार्मरों की स्थापना में भूमि अधिग्रहण में हो रही देरी को एक बड़ी बाधा बताया। इस पर मंत्री ने निर्देश दिया कि संबंधित विधायकों और अन्य प्राधिकरणों के सहयोग से इस समस्या का शीघ्र समाधान निकाला जाए।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article